सत्ता के नये सिकंदर बनने मैदान में उतरे नवोदित प्रत्याशी

बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में सांसद बनने की लालसा के साथ कई नये प्रत्याशी चुनावी रणभूमि में उतरे और कुछ सीटों पर उन्हीं के बीच मुकाबला होगा

Update: 2019-04-06 11:22 GMT

पटना । बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में सांसद बनने की लालसा के साथ कई नये प्रत्याशी चुनावी रणभूमि में उतरे और कुछ सीटों पर उन्हीं के बीच मुकाबला होगा।

राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाईटेड (जद-यू) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) तथा महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) तथा अन्य दलों ने कई नये चेहरों पर भरोसा जताते हुये उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है।

राजद ने नवादा से विधायक रहे ‘बाहुबली’ नेता राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को चुनावी दंगल में उतारा है और उनका मुकाबला लोजपा की टिकट से पहली बार चुनाव लड़ रहे ‘बाहुबली’ सूरजभान सिंह के भाई चंदन कुमार से है। दोनों की पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में दो नवोदित प्रत्याशियों और बाहुबलियों के बीच अपरोक्ष रूप से राजनीतिक वर्चस्व को लेकर होने वाली लड़ाई में इस बार नवादा का चुनाव काफी रोमांचक होगा। नवादा में पहले चरण के तहत 11 अप्रैल को मदतान होगा।

इसी तरह झंझारपुर सीट से जदयू की टिकट पर रामप्रीत मंडल पहली बार लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमाने जा रहे हैं। श्री मंडल वर्तमान में खुटौना के प्रखंड प्रमुख हैं। इससे पहले वे खुटौना प्रखंड के दुर्गीपट्टी पंचायत के वर्ष 2006 से 2016 तक मुखिया भी रह चुके हैं। श्री मंडल का मुकाबला राजद विधायक और पार्टी के प्रत्याशी गुलाब यादव से है। इस सीट पर तीसरे चरण के तहत 23 अप्रैल को वोट डाले जायेंगे।

गोपालगंज (सुरक्षित) से जदयू की टिकट पर डॉ. आलोक सुमन पहली बार लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरे हैं। वह लंबे समय तक गोपालगंज सदर अस्पताल में अपनी सेवा दे चुके हैं। वह 2013 में भाजपा में शामिल हुये थे। हाल ही में वह भाजपा का दामन छोड़कर जदयू में शामिल हुए हैं। श्री सुमन का मुकाबला राजद प्रत्याशी और पहली बार चुनाव लड़ रहे राजद उम्मीदवार सुरेन्द्र राम उर्फ महान जी से है। सुरेन्द्र राम 2016 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हुये थे और एक वर्ष पूर्व राजद का दामन थाम लिया था। श्री राम की पत्नी पुष्पा किरण गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड की प्रमुख है। इस सीट पर छठे चरण में 12 मई को मतदान कराया जायेगा।

जहानाबाद सीट से जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधान पार्षद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी प्रत्याशी बनाये गये हैं, जो पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। श्री चंद्रवंशी का मुकाबला कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) उम्मीदवार और जहानाबाद से पूर्व जिला परिषद सदस्य कुंती देवी से है। इसी सीट से निवर्तमान सासंद अरूण कुमार भी चुनाव लड़ रहे हैं। वर्ष 2014 के चुनाव में रालोसपा के अरुण कुमार ने राजद के सुरेन्द्र प्रसाद यादव को पराजित किया था। रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से विवाद होने के बाद श्री कुमार इस बार अपनी राष्ट्रीय समता पार्टी से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इस सीट पर सातवें और अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होंगे।

 

Full View

Tags:    

Similar News