जम्मू-कश्मीर: कठुआ में 150 केएलडी 'कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट' का शिलान्यास
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेज कठुआ में 150 केएलडी क्षमता वाले कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) के एसआईटीसी का शिलान्यास किया गया
कठुआ। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेज कठुआ में 150 केएलडी क्षमता वाले कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) के एसआईटीसी का शिलान्यास किया गया। उन्होंने बताया कि यह शिलान्यास कार्यक्रम विधायक राजीव जसरोटिया, डॉ. भारत भूषण और जीएमसी कठुआ के प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री सहित अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस पहल को संस्थान के लिए एक अहम उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह परियोजना पर्यावरणीय ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इस सीईटीपी के स्थापित होने से मेडिकल कॉलेज में उत्पन्न होने वाले बायोमेडिकल और तरल अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह प्लांट प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, "जम्मू-कश्मीर के कठुआ स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के परिसर में 150 केएलडी क्षमता वाले 'कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट' (सीईटीपी) के एसआईटीसी का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर विधायक राजीव जसरोटिया, डॉ. भारत भूषण, जीएमसी कठुआ के प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री और अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।"
उन्होंने आगे लिखा, "यह पहल पर्यावरणीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने और संस्थान के भीतर बायोमेडिकल तथा तरल कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"