मुरथल में 21 मार्च को होगा युवा सम्मेलन
हरियाणा विधानसभा और उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं
हरियाणा विधानसभा और उच्चतर शिक्षा विभाग की बड़ी पहल
- लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण से जुड़ेंगे युवा
- राज्यसभा उपसभापति हरिवंश होंगे मुख्य अतिथि
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा और उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह सम्मेलन 21 मार्च को सोनीपत के मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए मंगलवार को हरियाणा विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों ने सोनीपत जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था जनप्रतिनिधित्व और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। सम्मेलन में सोनीपत जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों और लगभग 20 महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेंगे।
कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और युवाओं के साथ अपने विचार साझा करेंगे। इस अवसर पर राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी भी उपस्थित रहेंगे।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन और ‘एक राष्ट्र-एक विधायिका’ के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक श्रीनिवासन नारायणन, कुलपति प्रो. डॉ. श्रीप्रकाश, एसडीएम सुभाष चंद्र सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।