सोनीपत में युवक अगवा कर बंधक बनाया, बेरहमी से पिटाई
हरियाणा के गोहाना उपमंडल के छिछराना गांव में एक युवक को कथित तौर पर अगवा कर घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है
लोहे की रॉड से हमला, युवक का पैर टूटा
- गोहाना उपमंडल में सनसनी, गंभीर हालत में रोहतक रेफर
- दोस्तों ने छुड़ाया, पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया
- बंधक बनाकर मारपीट का मामला, जांच में जुटी पुलिस
सोनीपत। हरियाणा के गोहाना उपमंडल के छिछराना गांव में एक युवक को कथित तौर पर अगवा कर घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में युवक का पैर टूट गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया।
पीड़ित सुमित ने बताया कि 12 मार्च की रात नाला नंबर-8 के पास जितेंद्र नामक व्यक्ति उसे मोटरसाइकिल पर अपने घर ले गया। वहां उसने सुमित पर उसके भाई प्रदीप के ठिकाने के बारे में बताने का दबाव बनाया। जब सुमित ने जानकारी देने से इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उसके पैर पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की।
सुमित के अनुसार, उसे कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया। बाद में उसके दोस्तों ने उसे छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी जितेंद्र उर्फ भैरव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।