यूट्यूबर सलीम पर हमला करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर, CM योगी ने दी थी चेतावनी

गाजियाबाद के लोनी में यूट्यूबर सलीम पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। एनकाउंटर के दौरान जीशान नाम के आरोपी को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार जीशान अमरोहा का रहने वाला है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

Update: 2026-03-01 17:52 GMT

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह मुठभेड़ लोनी अंडरपास के पास निठौरा अंडरपास के निकट हुई। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच करीब 10 मिनट तक फायरिंग हुई, जिसमें बदमाश की ओर से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। लोनी पुलिस और देहात स्वाट टीम ने उनके नेतृत्व में यह मुठभेड़ की। इसमें एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मृत बदमाश की पहचान जीशान निवासी नगला सैफी, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी बदमाश ने सलीम पर चाकू से हमला किया था। सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर पीछे बैठा दिखाई दिया था और कुर्ता पजामा पहने हुए था। मौके से हमले में प्रयुक्त चाकू, एक पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।

जीशान अमरोहा का रहने वाला था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। सीसीटीवी फुटेज से पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर उसने फायरिंग कर दी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी में सचिन कुमार और विपिन ठाकुर हेड कांस्टेबल हैं। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर और सीने में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सीएम योगी ने दी थी चेतावनी

यह मुठभेड़ लोनी इलाके में हुई। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और पूरे मामले की जांच जारी है। इससे एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सलीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का बयान दिया था। इसके अगले ही दिन आरोपी एनकाउंटर में मारा गया।

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो हमलावर सलीम के दफ्तर में घुसे थे और उन्होंने चाकू से गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए थे। गंभीर रूप से घायल सलीम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और बाद में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी गर्दन का ऑपरेशन किया जा चुका है और एक अन्य सर्जरी होनी है। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।

वीडियो कंटेंट को लेकर मिलती थी धमकी

सलीम वास्तिक खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताते हैं और यूट्यूब पर वीडियो बनाते हैं। उनके वीडियो कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार विरोध और धमकियां मिलने की बात सामने आई थी। बताया जा रहा है कि लगातार बयानबाजी के कारण वो कुछ लोगों के निशाने पर थे। हमले के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News