केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी, शिकायत में जासूसी का भी जिक्र
केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई है। दिल्ली पुलिस को भेजी गई शिकायत में मंत्री की जासूसी का भी आरोप लगाया गया है।
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई है। दिल्ली पुलिस को भेजी गई शिकायत में मंत्री की जासूसी का भी आरोप लगाया गया है। मंत्री के निजी सहायक ने दिल्ली पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि 18 मार्च की सुबह उनके फोन पर कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई।
थाना तुगलक रोड को दी गई लिखित शिकायत में कहा गया है, 'उसने मुझसे पूछा कि क्या मैंने वे कागज देखे हैं जो उसने मेरे फोन पर भेजे हैं और साथ ही उसने MP5 जैसे हथियारों का जिक्र करते हुए कहा कि वह इन्हीं से मारेगा। इतना कहकर उसने फोन काट दिया। जब मैंने उसके नंबर से आए व्हाट्सऐप संदेशों को खोलकर देखा, तो उसमें माननीय मंत्री जी का 'सरकारी टूर प्रोग्राम' (प्रति संलग्न) था, जिस पर स्पष्ट रूप से 'इनको गोली मार दो' लिखा हुआ था।'
लोकेशन और वॉयस मैसेज भी भेजे
धमकी देने वाले ने वॉट्सऐप पर लोकेशन और कुछ वॉयस मैसेज भी भेजे जिनमें निरंतर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। उस नंबर पर जब दोबारा फोन करके उससे पूछा गया कि माननीय मंत्री जी का टूर प्रोग्राम उसके पास कहां से आया, तो उसने जवाब दिया कि उसे यह 'ऊपर' से भेजा गया है।
‘आवास की जासूसी भी हो रही’
शिकायत में कहा गया है कि फोन के माध्यम से तुगलक रोड थानाध्यक्ष को सूचना दी गई और मोबाइल पर प्राप्त सभी साक्ष्य पुलिस को भेज दिए। सहायक ने इसके बाद जासूसी का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'इस बीच एक और गंभीर जानकारी सामने आई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति हमारे आवास के पिछले गेट की जासूसी कर रहा है और इस बात की निगरानी रख रहा है कि दरवाजा किस समय खुलता-बंद होता है और कौन आता-जाता है।
लगभग तीन दिन पहले रात 9:00 से 10:00 बजे के बीच एक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी, जिसके शीशे काले थे, कोठी के दूसरी तरफ काफी देर तक खड़ी रही और उसमें सवार लोग कोठी की निगरानी कर रहे थे। कृपया मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी गंभीरता से जांच की जाए।'