'योगी की मां हमारी भी मां', अविमुक्तेश्वरानंद बोले- मजहब के लोग अपने मौलाना को समझाएं
हरदोई पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सीएम योगी आदित्यनाथ की माता जी के खिलाफ बिहार के मौलाना द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मां पूरे समाज की मां हैं और ऐसे अमर्यादित बयान देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हरदोई। यूपी के हरदोई में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा सीएम योगी आदित्यनाथ की मां पर दिए गए विवादित बयान को बेहद गंभीर करार दिया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की मां केवल उनकी नहीं, बल्कि हम सबकी मां हैं। इस अपमानजनक कृत्य की भर्त्सना करते हुए उन्होंने दोषियों को सजा देने की मांग की है। अविमुक्तेश्वरानंद ने मुस्लिम समाज को नसीहत दी कि वे अपने मौलानाओं को मर्यादा में रहने की समझाइश दें। यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस टिप्पणी को लेकर प्रदेश भर में आक्रोश देखा जा रहा है।
'योगी की मां हमारी भी मां'
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कड़े शब्दों में कहा, "योगी आदित्यनाथ की मां, हमारी मां है। यहां जितने लोग बैठे हैं, उन सबकी मां हमारी मां है और हमारी मां आप सबकी मां है।" उन्होंने आगे कहा कि जिस किसी ने भी यह अपशब्द बोले हैं, उसने बहुत गलत किया है। अविमुक्तेश्वरानंद ने जोर देकर कहा कि मातृशक्ति का अपमान किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है और इस तरह की बयानबाजी आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाती है।
शास्त्रों का हवाला देते हुए उन्होंने माता के पद को पिता से सौ गुना बड़ा बताया और मुस्लिम समाज को अपने मौलानाओं को समझाने की नसीहत दी। अविमुक्तेश्वरानंद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ऐसे अपशब्द बोलना पूरी तरह गलत है और 'खबरदार' आगे से ऐसी बयानबाजी न करें।
'मजहब के लोग अपने मौलाना को समझाएं'
अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि चाहे मौलाना हो या पंडित, मां के बारे में गलत बोलना उनके धर्म को भी छोटा बनाता है। उन्होंने इस्लाम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी मां का दर्जा सबसे ऊंचा है, फिर ऐसी हरकत क्यों? उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंदुओं के व्यवहार में हर किसी की मां का सम्मान सर्वोपरि है। "पितुः शतगुणी माता गौरवेणातिरिच्यते" श्लोक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जन्मदाता पिता से भी सौ गुना अधिक गौरव माता का होता है, इसलिए उनके खिलाफ अपशब्द कहना अक्षम्य है। आपको बता दें कि स्वामी ने 7 मार्च को काशी से अपनी गोप्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा शुरू की और 11 मार्च को लखनऊ में धर्म सभा करने वाले हैं। अपनी यात्रा के दौरान कई जिलों में उनका प्रवास हो रहा है। इसी कड़ी में वो सोमवार को हरदोई पहुंचे थे जहां उन्होने ये बयान दिया।
यूपी के विभिन्न जिलों के 83 थानों में भी मौलाना के खिलाफ एफआईआर
बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शनिवार को बलरामपुर भाजपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों के 83 थानों में भी मौलाना के खिलाफ अलग-अलग तहरीर दी गई हैं। वाराणसी में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मौलाना का पुतला फूंका और उसका सिर कलम करने वाले को 21 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की। लखनऊ के अटल चौराहे पर भी युवाओं ने पुतला दहन कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।