बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल में भीषण आग, 4 मरीजों की मौत, 20 से ज्यादा का रेस्क्यू
बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी अस्पताल के ICU में भीषण आग लगने से 4 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।;
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार देर रात एक निजी अस्पताल में लगी भीषण आग लग गई। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू (ICU) में तड़के करीब दो बजे आग लगने से चार मरीजों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया और मरीजों के परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर स्थित आईसीयू वार्ड में लगी थी। देखते ही देखते धुआं पूरे भवन में फैल गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बाहर निकलने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। कई मरीज बेहोशी की हालत में थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल कर्मचारियों और राहत दल की मदद से बाहर निकाला गया।
कई घंटे चला राहत और बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े छह बजे तक तीन शव बरामद किए जा चुके थे, जबकि एक अन्य मरीज की मौत उपचार के दौरान हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुएं के कारण अस्पताल के भीतर स्थिति बेहद भयावह हो गई थी। कई मरीज और उनके परिजन बाहर निकलने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
10 से 15 लोग मिले बेसुध
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि करीब 10 से 15 लोगों को बेसुध अवस्था में अस्पताल से बाहर निकाला गया। इनमें से कई को तत्काल आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
ब्रह्मपुरा थाना पुलिस के अनुसार आग लगने की सूचना आसपास के लोगों के शोर-शराबे से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान में जुट गए।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर परिजनों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। प्रशासन की टीम यह भी पता लगा रही है कि दूसरे अस्पतालों में भेजे गए मरीजों की स्थिति कैसी है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य में दमकल विभाग ने सराहनीय काम किया है, लेकिन अब प्राथमिकता सभी प्रभावित मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करना है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।