अमेरिका में बड़ा विमान हादसा: मियामी एयरपोर्ट पर कार्गो विमान रनवे से उतरा, 5 की मौत

अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेजन का कार्गो विमान रनवे से बाहर निकलकर वाहनों से टकरा गया। हादसे में पांच लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए।;

Update: 2026-09-07 04:18 GMT
मियामी। अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अमेजन का कार्गो विमान रनवे से बाहर निकल गया और एयरपोर्ट के पास मौजूद कई वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोपहर करीब 2 बजे रनवे से उतरा विमान

अधिकारियों के अनुसार, विमान स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 2 बजे रनवे से बाहर निकला। यह विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से उड़ान भरकर मियामी पहुंचा था। हादसे के बाद विमान सड़क के किनारे जाकर रुक गया, जहां कुछ बड़े ट्रक भी खड़े थे।

हादसे की तस्वीरों में विमान का बड़ा हिस्सा जमीन पर पड़ा दिखाई दिया। दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में काला धुआं फैल गया। दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

कॉकपिट में फंसे थे पायलट और को-पायलट

मियामी-डेड रेस्क्यू फायर चीफ रे जदल्लाह के मुताबिक, दुर्घटना के बाद विमान के कॉकपिट में पायलट और को-पायलट फंस गए थे। इसके अलावा कुछ लोग उन कारों के अंदर भी फंसे थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी। एक व्यक्ति के वाहन के नीचे दबे होने की भी जानकारी सामने आई।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में मारे गए पांच लोग विमान में सवार थे या उन वाहनों में मौजूद थे, जिन्हें कार्गो विमान ने टक्कर मारी थी। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ईंधन लीक होने से बढ़ी मुश्किल

दुर्घटना के बाद विमान से ईंधन का रिसाव भी शुरू हो गया। दमकलकर्मी कई घंटों तक लीकेज को नियंत्रित करने में जुटे रहे। आग पर काबू पाने के साथ-साथ आसपास के इलाके को सुरक्षित करने के लिए भी सुरक्षा उपाय किए गए।

हादसे के चलते मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई घंटों तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, रविवार दोपहर बाद एयरपोर्ट पर करीब 250 उड़ानें देरी से चलीं।

32 साल पुराना था बोइंग 767 विमान

हादसे में शामिल विमान करीब 32 साल पुराना बोइंग 767 था। इसे मूल रूप से यात्री विमान के तौर पर तैयार किया गया था और दो दशक से अधिक समय तक अलग-अलग एयरलाइंस के लिए उड़ान भरता रहा। वर्ष 2015 में इसे कार्गो विमान में परिवर्तित किया गया था।

यह उड़ान नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी 21 Air द्वारा संचालित की जा रही थी। अमेरिकी अधिकारी अब दुर्घटना के कारणों, विमान की तकनीकी स्थिति और रनवे से बाहर निकलने की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News