संसद में फिर गरमाया माहौल: लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, राज्यसभा 3 अगस्त तक स्थगित

संसद के मानसून सत्र में लोकसभा में विपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक स्थगित, धर्मेंद्र यादव और कीर्ति आजाद ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप।;

Update: 2026-07-31 06:53 GMT
नई दिल्ली।संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को एक बार फिर दोनों सदनों में तीखी राजनीतिक टकराव देखने को मिला। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी विपक्ष का विरोध जारी रहा। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई और अब सदन की अगली बैठक 3 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे होगी।

लोकसभा में विपक्ष का जोरदार विरोध, अमित शाह पर जवाब देने की मांग

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। खासतौर पर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग को लेकर विपक्ष लगातार प्रदर्शन करता रहा। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी और बार-बार व्यवधान देखने को मिला।

विपक्ष का कहना है कि जिन मुद्दों पर वह चर्चा चाहता है, उन पर सरकार सदन में जवाब देने से बच रही है। इसी को लेकर विपक्षी दल लगातार संसद के भीतर और बाहर विरोध दर्ज करा रहे हैं।

धर्मेंद्र यादव ने लगाए गंभीर आरोप

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने अयोध्या में श्रद्धालुओं के चढ़ावे के कथित दुरुपयोग को लेकर भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने दावा किया कि कई श्रद्धालुओं को दान देने के बावजूद रसीद नहीं दी गई और दान पेटी तक पहुंचने से पहले ही पैसे ले लिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गिनती केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कथित अनियमितताओं से जुड़े कई वीडियो रिकॉर्ड हुए थे, लेकिन बाद में पुरानी फुटेज हटा दी गई।

धर्मेंद्र यादव ने कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन केवल प्रतीकात्मक था, जिसका उद्देश्य कथित अनियमितताओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना था। उन्होंने इस पूरे मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने की मांग की।

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस पर टीएमसी का पलटवार

राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा लाए गए विशेषाधिकार नोटिस पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कीर्ति आजाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विशेषाधिकार प्रस्ताव राहुल गांधी के बजाय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लाया जाना चाहिए।

कीर्ति आजाद ने आरोप लगाया कि सरकार संसद की कार्यवाही अपने तरीके से संचालित कर रही है और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार जवाबदेही की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार विपक्ष की मांगों को नजरअंदाज कर रही है।

राज्यसभा की अगली बैठक 3 अगस्त को

लगातार हंगामे के बीच राज्यसभा के सभापति ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की। अब राज्यसभा की अगली बैठक 3 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे आयोजित होगी। संसद के मानसून सत्र में विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार जारी है।

Tags:    

Similar News