दो नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर, दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

IMD के अनुसार आने वाले दिनों में दो नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होंगे, जिससे दिल्ली, यूपी सहित कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम में अचानक बदलाव से जनजीवन और फसलों पर असर पड़ सकता है।

Update: 2026-04-05 12:03 GMT

नई दिल्ली। उत्तर भारत में एक के बाद एक, कुल दो नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देने जा रहे हैं, जिसकी वजह से कई राज्यों में बारिश, आंधी, ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी व ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। सात और आठ अप्रैल को गतिविधि चरम पर रहेगी।

सात अप्रैल को कश्मीर घाटी में छिटपुट भारी बारिश होने वाली है। वहीं, मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में नौ अप्रैल तक गरज, बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में पा्रच अप्रैल, पश्चिमी मध्य प्रदेश में आठ अप्रैल, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में, पांच, सात और आठ अप्रैल, बिहार में छह और आठ अप्रैल को, झारखंड में छह से आठ अप्रैल के दौरान छिटपुट ओलावृष्टि हो सकती है।

उत्तर पश्चिम भारत की बात करें तो पांच व छह अप्रैल को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी, बिजली व तेज हवाएं 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी। पांच अप्रैल को उत्तर प्रदेश में, छह अप्रैल को पंजाब, राजस्थान में छिटपुट से लेकर मध्यम दर्जे की हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाएं जिसकी स्पीड 60 किमी की हो सकती है।

यूपी से राजस्थान तक होगी बारिश

सात और आठ अप्रैल को जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में एक बार फिर से हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी होगी। सात से नौ अप्रैल के दौरान हिमाचल प्रदेश में भी यही हाल रहेगा। सात और आठ अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में छिटपुट से लेकर तेज बारिश होगी। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में आठ व नौ अप्रैल को और पश्चिमी राजस्थान में सात अप्रैल को यही मौसम का हाल रहने वाला है।

दिल्ली, यूपी में इस दिन गिरेंगे ओले

इसके अलावा, सात अप्रैल को जम्मू कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में ओले गिरने वाले हैं। सात और आठ अप्रैल को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में भी ओले गिरेंगे। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट से लेकर काफी व्यापक बारिश होने वाली है।

अरुणाचल प्रदेश में 5, 6, 8 और नौ अप्रैल को असम, मेघालय में भारी बरसात होगी। अगले पांच दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक में हल्की से तेज बारिश होगी। इस दौरान, तेज स्पीड से हवाएं भी चलने वाली हैं।

Tags:    

Similar News