ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़: 4 तस्कर गिरफ्तार, छात्रों को सप्लाई होता था विदेशी नशा

ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क पुलिस ने 4 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर विदेशी मादक पदार्थों का बड़ा जखीरा बरामद किया। आरोपी स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों में छात्रों को ऑनलाइन ऑर्डर पर ड्रग्स सप्लाई करते थे।;

Update: 2026-07-31 09:07 GMT

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में करीब 15 लाख रुपये कीमत के विभिन्न विदेशी मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों में रहने वाले छात्रों को महंगे दामों पर नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे।

ऑनलाइन लेते थे ऑर्डर, हॉस्टल तक पहुंचाते थे नशा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान (29), दीपक कुमार (27), शिवम कुमार (23) और बोबी (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 50 ग्राम सिलोंग गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी, 75 ग्राम ओजी, 144 एमडीएमए की गोलियां, 63 ग्राम काला हैश, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे। ऑर्डर मिलने के बाद कॉलेज, हॉस्टल या अन्य तय स्थानों पर कूरियर अथवा पोर्टर के जरिए मादक पदार्थों की डिलीवरी कराई जाती थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी विदेशी ड्रग्स की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर छात्रों को तीन से चार हजार रुपये प्रति ग्राम या तय मात्रा के हिसाब से बेचते थे।

पुलिस पिकेट पर घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि गुरुवार को नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने क्राउन एक्सपो से एक्सपो मार्ट जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिस पिकेट के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान ड्रग्स सप्लाई के तरीके और नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ आरोपियों तक कहां से पहुंचते थे और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

Tags:    

Similar News