दिल्ली-NCR में बदला मौसम, धूल भरी आंधी से विजिबिलिटी हुई कम; गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार

दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। गुरुवार को जहां तेज धूप ने लोगों को खूब परेशान किया और अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार से झमाझम बारिश की संभावना जताई है।

Update: 2026-04-03 06:18 GMT

नई दिल्ली। राजधानी में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। गुरुवार को जहां तेज धूप और पसीने ने लोगों को बेहाल किया। वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार से झमाझम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 4 अप्रैल को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। वहीं, राजधानी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में सुबह-सुबह धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है।

शुक्रवार को राहत मिलने से पहले गुरुवार को दिल्लीवासियों को तीखी गर्मी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही निकल रही तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री रहा, जबकि हवा में नमी का स्तर 89 प्रतिशत तक पहुंच गया। लोधी रोड और रिज क्षेत्र में भी पारा 36 डिग्री के पार रहा।

अगले एक हफ्ते का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 5 अप्रैल तक हल्की बूंदाबांदी जारी रहेगी। 6 अप्रैल को मौसम आंशिक रूप से साफ रहेगा, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को एक बार फिर बारिश होने का अनुमान है। इस उतार-चढ़ाव भरे मौसम के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे दिल्लीवालों को भीषण गर्मी से फौरी राहत मिलेगी।

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। उत्तर और मध्य भारत में हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश के मौसम पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का खास असर देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

Tags:    

Similar News