यूपी के बागपत में दर्दनाक हादसा, ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप पलटी; छह श्रद्धालुओं की मौत, 27 घायल

बागपत के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत और 27 घायल हुए हैं।;

Update: 2026-09-07 03:36 GMT
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बड़ागांव के पास हुआ, जहां पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

गोगामेड़ी से लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के अल्हापुर गांव के लोग राजस्थान के गोगामेड़ी स्थित धार्मिक स्थल से दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। पिकअप वाहन में कुल 32 लोग सवार थे। जब वाहन बागपत के बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) पर पहुंचा, तभी वह हादसे का शिकार हो गया।

बताया जा रहा है कि एक कैंटर की टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने राहगीरों की मदद से लोगों को निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से पलटी हुई पिकअप के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक एक बच्ची समेत छह लोगों की मौत हो चुकी थी।

सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए खेकड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और बागपत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली और मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया है। अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है।

डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हादसे की जानकारी मिलने के बाद बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार के बारे में जानकारी ली।

प्रशासन की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।

एक मृतक की पहचान, बाकी की कोशिश जारी

बागपत पुलिस के मुताबिक, हादसे में मृत छह लोगों में से फिलहाल रामेश्वर निवासी अल्हापुर की पहचान हो सकी है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की वजह और कैंटर की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान के साथ दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

Tags:    

Similar News