आंध्र प्रदेश: स्कूल की क्लास में आरी लेकर घुसा हमलावर, 10वीं की छात्रा पर किया जानलेवा हमला; बचाने आई सहेली भी घायल

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में राप्टाडु के सरकारी स्कूल में आरी लेकर घुसे हमलावर ने 10वीं की छात्रा पर हमला किया। बचाने आई सहेली भी घायल हुई। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।;

Update: 2026-10-31 10:28 GMT
अनंनपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के अंदर हुई हिंसक वारदात से हड़कंप मच गया। राप्टाडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक हमलावर पेड़ काटने वाली आरी लेकर 10वीं कक्षा में घुस गया और वहां पढ़ रही एक छात्रा पर हमला कर दिया। इस घटना में छात्रा के चेहरे, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे बचाने के लिए आगे आई एक अन्य छात्रा भी घायल हो गई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

चेहरे और सिर पर किए कई वार, कक्षा में मची चीख-पुकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी आरी लेकर सीधे कक्षा में पहुंचा और छात्रा पर अचानक हमला कर दिया। उसने छात्रा के चेहरे पर गंभीर वार किए। इसके अलावा उसके सिर और पीठ पर भी चोटें पहुंचाईं। अचानक हुई इस घटना से कक्षा में मौजूद दूसरे विद्यार्थी घबरा गए।

एक छात्रा ने पीड़िता को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उसे भी घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल छात्रा कक्षा में खून से लथपथ पड़ी थी। शिक्षकों और अन्य विद्यार्थियों ने तुरंत मदद पहुंचाई और दोनों घायल छात्राओं को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

छात्रा को लंबे समय से परेशान कर रहा था आरोपी

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पीड़िता का दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। आरोप है कि वह काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहा था। छात्रा ने उसे दूर रहने की चेतावनी दी थी। साथ ही उसने आरोपी के व्यवहार की शिकायत अपने माता-पिता से करने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगा और उसने स्कूल में घुसकर हमला कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख और नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि स्कूल की कक्षा के भीतर छात्रा पर हुआ हमला बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। बच्चियों को स्कूलों में निशाना बनाने वाले अपराधियों के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह घायल छात्रा के इलाज पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं। उन्होंने मेडिकल टीम को बेहतर इलाज और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस को अपराध के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उसे कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

इस घटना ने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र, शिक्षक और अभिभावक इस वारदात से सदमे में हैं।

Tags:    

Similar News