अदिति यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी से गरमाई सियासत, सीएम योगी ने दिए कार्रवाई के निर्देश, अखिलेश-डिंपल का पलटवार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने भाजपा पर निशाना साधा।;
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सीएम योगी ने दिया सख्त संदेश
आजमगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "बेटी, बेटी होती है और उसका सम्मान हर हाल में होना चाहिए। किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।" उन्होंने बताया कि जैसे ही मामला सामने आया, पुलिस को एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समाज में महिलाओं और बेटियों के सम्मान की परंपरा रही है और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं को भी अपने कार्यकर्ताओं की भाषा और व्यवहार पर नियंत्रण रखने की सलाह दी।
डिंपल यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा इस मामले को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं से जुड़े कई गंभीर मामलों पर सरकार और भाजपा नेताओं की ओर से अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई।
डिंपल यादव ने कहा कि जनता को असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और अपने राजनीतिक लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील भी की।
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इस पूरे मामले के पीछे किसकी भूमिका है, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि दोषियों की पहचान करना मुश्किल नहीं है और यदि जरूरत पड़ी तो उनकी पार्टी भी जांच एजेंसियों की मदद करेगी।
इससे पहले भी अखिलेश यादव ने इस प्रकरण को लेकर सरकार पर निशाना साधा था और कहा था कि परिवार के महत्व को वही लोग समझ सकते हैं जिनके अपने पारिवारिक दायित्व होते हैं।
चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में कानपुर और प्रतापगढ़ में कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन पोस्टों से न केवल अदिति यादव बल्कि पूरे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
इसके अलावा प्रयागराज में भी एक सपा नेता ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान कर उनके संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है और आने वाले दिनों में इस पर सियासत और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।