किसान काे 17 रुपये देकर सरकार ने किया अपमानित : राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार बड़े लोगों का साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज माफ कर सकती है

Update: 2019-02-02 02:25 GMT

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार बड़े लोगों का साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज माफ कर सकती है, लेकिन किसानों को महज 17 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से देती है तो यह निश्चित रूप से देश के अन्नदाता का अपमान है।

श्री गांधी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मुद्दे पर आयोजित विपक्षी दलों की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी सरकार ने वित्त वर्ष 2019-20 के अंतरिम बजट में किसान को छह हजार रुपये सालाना मदद देने की घोषणा की है। इस तरह से मोदी सरकार ने किसान को प्रति दिन 17 रुपये की मदद देने का ऐलान किया और यह देश के किसान का अपमान है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल में हर मोर्चे पर असफल रही है। सबसे ज्यादा धक्का उसने देश के युवाओं को पहुंचाया है और उनके लिए रोजगार के अवसर समाप्त किये हैं। किसानों की कोई सुध नहीं ली गयी है और अब उन्हें 17 रुपये हर दिन देकर अपमानित किया जा रहा है। 

इससे पहले श्री गांधी ने ट्वीट किया, “प्रिय नमो, पांच साल की आपकी अक्षमता और अहंकार ने हमारे किसानों का जीवन तबाह कर दिया। उनको मात्र 17 रुपये प्रतिदिन देना उनका और उनके काम का अपमान है।” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों का अपमान किया है।

केंद्र सरकार ने अंतरिम बजट पेश करते हुए छोटे और सीमांत किसानों को 6000 रुपये प्रतिवर्ष देने की घोषणा की है।

Full View

Tags:    

Similar News