'बिग बॉस 19' में लोगों की साइकोलॉजी समझना था सबसे बड़ा चैलेंज: फरहाना भट्ट
मुंबई, बिग बॉस 19 में रनर-अप रहीं अभिनेत्री फरहाना भट्ट हाल ही में सोशल मीडिया पर्सनैलिटी अभिषेक मल्हन (फुकरा इंसान) के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' पर गई थीं।;
मुंबई, बिग बॉस 19 में रनर-अप रहीं अभिनेत्री फरहाना भट्ट हाल ही में सोशल मीडिया पर्सनैलिटी अभिषेक मल्हन (फुकरा इंसान) के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' पर गई थीं। शो में हुई बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने 'बिग बॉस' में लोगों की साइकोलॉजी को समझने और अचानक आने वाली स्थितियों से निपटने की चुनौतियों के बारे में बात की।
'बिग बॉस 19' में अपने समय के बारे में बात करते हुए फरहाना ने बताया, "यह अनुभव उनके लिए चुनौतीपूर्ण था, खासकर इसलिए क्योंकि उन्होंने पहले कभी इस तरह का शो न तो देखा था और न ही अनुभव किया था। उन्होंने कहा, "कश्मीर से आने के कारण, मेरे लिए लोगों, उनकी सोच और आसपास जो हो रहा है उसे समझना काफी चुनौतीपूर्ण था। मैंने पहले कभी भी इस तरह का शो न तो कभी देखा था और न ही किया था। इसलिए मुझे सच में नहीं पता था कि मुझे क्या करना है। इसलिए मैं, बिना प्लान के हर परिस्थिति का सामना बस करती गई।"
फरहाना ने यह भी बताया कि उन्हें नहीं पता था कि स्क्रीन पर उन्हें किस तरह से दिखाया जा रहा है या उन्हें दर्शक किस तरह से देख रहे हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि शो में बिना किसी तय प्लान के जाने से बिग बॉस में उनका सफर और भी ज्यादा मुश्किल हो गया था।
उन्होंने कहा, "पहले हफ्ते में ही लोगों ने मिलकर मुझे घर से निकाल दिया था और मुझे सीक्रेट रूम में रखा गया था, घर के अंदर के लोगों के लिए मेरा गुस्सा दोगुना हो गया था। क्योंकि मुझे लगा कि घर के अंदर रहने का मेरा यही तरीका है, क्योंकि बाहर से मैं किसी को भी नहीं जानती थी।"
एक्ट्रेस फरहाना भट्ट का 'बिग बॉस 19' का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा और चर्चाओं में रहा था। शो के दौरान अमाल मलिक, नेहल चुडासमा और कुनिका सदानंद के साथ उनके रिश्ते काफी चर्चित रहे थे। कभी गहरी दोस्ती, तो कभी तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। कड़े मुकाबले और कई विवादों का सामना करते हुए फरहाना 'बिग बॉस 19' की फर्स्ट रनर-अप बनीं और अभिनेता गौरव खन्ना ने 'बिग बॉस 19' की ट्रॉफी अपने नाम की थी।