डबलिन टी-20 : आयरलैंड के खिलाफ आज विजयी शुरुआत के इरादे से उतरेगी भारत

भारत आज द विलेज मैदान पर आयरलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली दो टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में आज विजयी शुरुआत के इरादे से उतरेगी;

Update: 2018-06-27 14:12 GMT

डबलिन। भारत आज द विलेज मैदान पर आयरलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली दो टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में आज विजयी शुरुआत के इरादे से उतरेगी। 

आयरलैंड दौरा भारत के लिए इंग्लैंड दौरे की तैयारी करने और वहां की परिस्थतियों से तालमेल बिठाने का बेहतरीन मौका है। 

आयरलैंड के बाद भारत को इंग्लैंड में तीन टी-20, तीन वनडे और पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। 

पहले मैच में टीम चयन को लेकर कोहली को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। टीम के पास रोहित, शिखर धवन और लोकेश राहुल के तौर पर तीन सलामी बल्लेबाज हैं। ऐसे में कौन सलामी बल्लेबाजी की कमान संभालेगा इस पर कोहली को माथापच्ची करनी होगी। 

नबंर तीन पर कोहली खुद आते हैं। ऐसे में अगर कोहली राहुल को अंतिम-11 में चुनते हैं तो अजिंक्य रहाणे की गैरमौजूदगी में राहुल को नंबर-4 पर भेजा जा सकता है। 

वैसे इस स्थान के लिए कोहली के पास सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक के रूप में दो विकल्प हैं। वहीं पांचवें और छठे नंबर के लिए मनीष पांडे और महेंद्र सिंह धोनी हैं। सातवें नबंर पर हार्दिक पांड्या हैं। 

कार्तिक को टीम में चुनकर कोहली मनीष को बाहर बैठा सकते हैं। 

गेंदबाजी की बात की जाए तो इस दौरे पर भी कुलदीप यादव और युजवेंद्रा चहल पर स्पिन विभाग की जिम्मेदारी होगी। दक्षिण अफ्रीका में इन दोनों ने सीमित ओवरों में बेहद प्रभावशाली गेंदबाजी की थी और मध्य के ओवरों में रन रोकने के साथ टीम को विकेट भी दिलाए थे। 

वहीं तेज गेंदबाजी में भुवनेश्वर और जसप्रीत बुमराह की जोड़ी पर टीम का दारोमदार होगा। उमेश यादव भी वापसी को बेताब होंगे। 

उमेश 2012 को बाद से पहली बार टी-20 टीम में खेलते नजर आएंगे। 

मेजबानों के लिए यह सीरीज बड़ी और अहम है। हाल ही में नेतृत्व में बदलाव हुआ है। विलियम पोर्टरफील्ड ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। उनके स्थान पर गैरी विल्सन को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। 

यह दोनों टीम के मुख्य बल्लेबाजों में शुमार हैं और ऐसे में इस अहम सीरीज में इन दोनों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। वहीं हरफनमौला खिलाड़ी केविन ओ ब्रायन पर भी टीम का दारोमदार होगा। इन सभी को भारत के खिलाफ टी-20 खेलने का अनुभव भी है। 

टीम में पंजाब के जन्मे ऑफ स्पिनर सिमरनजीत सिंह भी मौजूद हैं जो भारत के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं।

Tags:    

Similar News