DUSU चुनाव: राउंड-18 के बाद ABVP तीन पदों पर आगे, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु की बड़ी बढ़त

DUSU चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े 52 कॉलेजों में मतदान कराया गया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 1,51,519 पंजीकृत छात्रों में से 61,312 छात्रों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।;

Update: 2026-09-19 10:13 GMT

नई दिल्ली: DUSU Election Result 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव की 18वें राउंड तक की मतगणना में ABVP के उम्मीदवार चार में से तीन केंद्रीय पदों पर आगे चल रहे हैं। अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन की बड़ी बढ़त बरकरार है। NSUI के उम्मीदवार चारों पदों पर फिलहाल पीछे चल रहे हैं।

अध्यक्ष पद पर 555 वोटों का अंतर

अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास को 21,109 वोट मिले हैं, जबकि NSUI के विजय मीणा के खाते में 20,554 वोट हैं। इस तरह यश डबास 555 वोटों से आगे चल रहे हैं। इस पद पर शुरुआती राउंड में मुकाबला बेहद करीबी रहा था। 9वें और 14वें राउंड में विजय मीणा महज एक वोट से आगे थे। 15वें राउंड में यश डबास ने 294 वोटों की बढ़त हासिल कर ली थी।

उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु की बड़ी बढ़त

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन 27,501 वोटों के साथ सबसे आगे हैं। ABVP के ईशु मौर्य को 14,506 और NSUI के वीर छत्र राठौर को 3,827 वोट मिले हैं। दीपांशु शौकीन और ईशु मौर्य के बीच 12,995 वोटों का अंतर है।

सचिव पद पर रिया छावड़ी आगे

सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी को 18,366 वोट मिले हैं, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 13,451 वोट प्राप्त हुए हैं। रिया छावड़ी 4,915 वोटों की बढ़त पर हैं।

संयुक्त सचिव पद पर बेहद करीबी मुकाबला

संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह 14,182 वोटों के साथ आगे हैं। निर्दलीय विशेष यादव को 14,045 और NSUI के गोपाल चौधरी को 13,829 वोट मिले हैं। लक्ष्य राज सिंह और विशेष यादव के बीच सिर्फ 137 वोटों का अंतर है।

52 कॉलेजों में हुआ था मतदान

DUSU चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े 52 कॉलेजों में मतदान कराया गया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 1,51,519 पंजीकृत छात्रों में से 61,312 छात्रों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। नियमित कॉलेजों में मतदान सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुआ, जबकि सांध्य कॉलेजों में मतदान का समय दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक निर्धारित था।

चार पदों के लिए 19 उम्मीदवार मैदान में

DUSU केंद्रीय पैनल के चार प्रमुख पदों के लिए इस बार कुल 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर सात, उपाध्यक्ष पद पर पांच, सचिव पद पर चार और संयुक्त सचिव पद पर चार उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद पर विशेष रूप से ABVP और NSUI उम्मीदवारों के बीच वोटों का अंतर कई बार बदलता रहा। शुरुआती राउंड में मामूली अंतर के बाद अब यश डबास बढ़त पर हैं।

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मतगणना को देखते हुए स्ट्रांग रूम और काउंटिंग सेंटर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस के अलावा आसपास के जिलों की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को भी तैनात किया गया है। DCP नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट निहारिका भट्ट के मुताबिक, करीब 1,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पैरामिलिट्री बलों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाली गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।

हाईकोर्ट ने विजय जुलूस पर लगाई रोक

DUSU चुनाव से जुड़े मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस निकालने पर रोक लगाई है। इसके अलावा चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा से जुड़े मामले में 140 उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम चाहे जो हों, उम्मीदवारों और समर्थकों को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। अंतिम नतीजे सभी राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद घोषित किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News