‘‘आप’’ ने गौ माफिया का पर्दाफाश कर बचा ली 43 गायों की जान- सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी ने गौ माफिया का पर्दाफाश कर 43 मासूम गायों की जान बचा ली
भाजपा की एमसीडी-पुलिस के संरक्षण में गौ माता और बछड़ों का हो रहा था अवैध व्यापार, सभी को गौशाला में भेजा- सौरभ
- चिराग दिल्ली के पंचशील नाले के नीचे चल रहा था अवैध काम, कई गाय और बछड़े नाले में मृत मिले थे- सौरभ भारद्वाज
- दिल्ली में गौ माता कूड़ा खाकर मर रही हैं और इनका दूध पीने वाले लोग बीमारियों से मर रहे हैं- सौरभ भारद्वाज
- सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं ने नाले की नीचे चल रहे अवैध गौ माता के व्यापार पर जताई थी कड़ी आपत्ति
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने गौ माफिया का पर्दाफाश कर 43 मासूम गायों की जान बचा ली। बुधवार सुबह दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं ने चिराग दिल्ली के पंचशील नाले के नीचे चल रहे गौ माता और उसके बछड़ों के अवैध व्यापार का खुलासा किया। जिसके बाद एमसीडी और पुलिस में हडकंप मच गया और अंततः एमसीडी ने सभी गायों को गौशाला में भेज दिया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा की एमसीडी और दिल्ली पुलिस के संरक्षण में यह अवैध धंधा चल रहा था। जब हम मौका निरीक्षण किया तो नाले में कई गायें और बछड़े मृत मिले। जिसके बाद पुलिस और एमसीडी के अधिकारियों को बुलाया गया। पहले एमसीडी के अधिकारी आने में आनाकानी किए, लेकिन कुछ घंटे बाद आए और बछड़ों को गौशाला भेज दिया।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बुधवार को सुबह-सुबह कुछ युवा साथियों ने चिराग दिल्ली और पंचशील एंक्लेव के बीच वाले नाले के नीचे छापा मारा। यह बहुत वीरता का काम था। उन्होंने बताया कि वहां गायों के बच्चों के मरे हुए शरीर, उनकी खालें, काटने वाला औजार और दर्जनों गायों के साथ उनके बच्चे पकड़े गए। उन्होंने कहा कि सूचना देने पर दो थानों की पुलिस आई, लेकिन एमसीडी को कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। लगातार एमसीडी के इंस्पेक्टर और संबंधित विभाग को कॉल किया गया, लेकिन एमसीडी के लोग फोन ही नहीं उठाए। मौके पर स्थानीय पार्षद कृष्ण जाखड़ भी लगातार फोन किए, लेकिन एमसीडी का कोई अफसर फोन नहीं उठाए।
सौरभ भारद्वाज ने इसका कारण समझाते हुए कहा कि यहां करीब दो दर्जन दूध देने वाली गायें मौजूद हैं। अगर एमसीडी का अफसर यहां आ जाएगा, तो मजबूरन उन्हें इन गायों को ले जाना पड़ेगा। इससे गौ माफिया के साथ जो उनकी पूरी सेटिंग है, वह खराब हो जाएगी। करीब एक घंटे से हौज खास और मालवीय नगर थाने की पुलिस वहां मौजूद है, लेकिन एमसीडी का कोई भी अफसर किसी का फोन उठाने के लिए तैयार नहीं है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि वे भी गौ रक्षा दल में हैं और किसी अन्य दल के लोगों ने छापा मारा था, जिसके बाद उनके पास फोन आया और वे वहां पहुंचे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चिराग दिल्ली और पंचशील पार्क/एंक्लेव के बीच बहने वाले नाले पर अवैध गायों की डेयरी चल रही है। यहां पर कई मृत गाय के बच्चे पाए गए हैं। इन अवैध डेयरियों में गायों को सुबह और शाम सिर्फ दूध निकालने के लिए लाया जाता है। दिल्ली पुलिस और एमसीडी बकायदा मिलकर इस धंधे को चलाते हैं। मरे हुए गायों के बछड़े नाले में से मिले हैं और यहां खूब सारी गायें और छोटे-छोटे बच्चे मिले हैं। ये गायें पूरे दिन कूड़ा खाती हैं, जिससे इनकी बहुत दर्दनाक मौत होती है। जो लोग इनका दूध पीते हैं, उनको गंभीर बीमारियां होंगी। उनका यकृत और गुर्दे खराब होंगे, उनको कैंसर जैसी बीमारियां होंगी। कूड़ा खाने वाली गाय कभी स्वस्थ दूध नहीं दे पाएगी। इन सभी गायों को सुबह लाया जाता है, उनका दूध निकाला जाता है और फिर उन्हें कूड़ा खाने के लिए छोड़ दिया जाता है।
सौरभ भारद्वाज ने सवाल किया कि गाय पालने वालों के यहां गाय का सिर और काटने के लिए चापड़ जैसा औजार कौन रख सकता है? जो गाय का बछड़ा निकाला गया, उसे छिपाने के लिए कहा जा रहा है कि वह सूअर का मरा हुआ बच्चा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कई दिनों से वीडियो बनाकर कह रही है कि इस तरह का गोरखधंधा यहां खुल्लम-खुल्ला चल रहा है, मगर कोई इसे रोकने वाला नहीं है।
वहीं, पार्षद कृष्ण जाखड़ ने बताया कि मैंने साउथ जोन के वेटरनरी विभाग के एचओडी और डॉक्टर को बार-बार फोन किया, लेकिन वे फोन नहीं उठा रहे हैं और ना ही कोई जवाब दे रहे हैं। वे पिछले तीन महीनों से हर वार्ड कमेटी में गायों का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछली वार्ड कमेटी में इस मुद्दे को लेकर डीसी के साथ उनका झगड़ा भी हो गया था, क्योंकि वे डॉक्टर का बचाव कर रहे थे।
कृष्ण जाखड़ ने बताया कि एमसीडी के वेटरनरी विभाग के डॉक्टर का काम इन आवारा पशुओं और गायों को गौशाला तक पहुंचाना है, लेकिन वे फोन नहीं उठा रहे हैं। मुझे कई बार इलाके से शिकायत मिली थी और मैंने इसके खिलाफ वीडियो बनाना भी शुरू किया था। सुबह जब मुझे सूचना मिली कि यहां एक गाय के बच्चे को मारा गया है और कई गायें पकड़ी गई हैं, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आ गई है, लेकिन एमसीडी से कोई आने या फोन उठाने के लिए तैयार नहीं है।