माकपा का 3 दिवसीय सम्मेलन सबलगढ में शुरू

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का तीन दिवसीय मध्यप्रदेश राज्य सम्मेलन शनिवार से मुरैना जिले के सबलगढ में प्रारंभ होगा।

Update: 2017-12-15 15:06 GMT

भोपाल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का तीन दिवसीय मध्यप्रदेश राज्य सम्मेलन शनिवार से मुरैना जिले के सबलगढ में प्रारंभ होगा।

माकपा के प्रदेश कार्यालय से आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार सम्मेलन के लिए पार्टी के अनेक राज्य स्तरीय नेताओं के साथ ही राज्य सचिव बादल सरोज सबलगढ पहुंच चुके हैं। सरोज ने अपने साथियों के साथ बैठक के एजेंडे पर भी चर्चा की है। 

 सरोज ने आरोप लगाया है कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सभी लोकतांत्रिक मान्यताओं को दरकिनार कर प्रकृति और जनता दोनों की दुश्मन बन गयी है। जल-जंगल-जमीन समेत प्रदेश की समृद्ध प्राकृतिक संपदा कारपोरेट कंपनियों को सौंपने के लिए कार्य किए जा रहे हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार इस राज्य सम्मेलन के अवसर पर पहले दिन 16 दिसंबर को रैली और आमसभा का आयोजन किया गया है। आमसभा को माकपा महासचिव सीताराम येचुरी और पोलित ब्यूरो की सदस्य सुभाषिणी अली मुख्य रूप से संबोधित करेंगी।

सम्मेलन के लिए सबलगढ़ को चुने जाने के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि इसके पीछे एक उद्देश्य ग्रामीण आबादी खासकर किसानों की समस्याओं को संघर्ष के केन्द्र में लाना है, जिससे बड़ी आबादी को राहत मिल सके। वहीं माकपा नेता एवं पूर्व राज्य सचिव बहादुर सिंह धाकड़ की यादों के साथ रिश्ता तरोताजा करना भी है, जिनकी जन्मभूमि और शुरुआती कर्मभूमि यह इलाका रहा।

Tags:    

Similar News