महाराष्ट्र में कोरोना मामले 1.70 लाख के करीब, 7600 से अधिक की मौत
देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में दिनों-दिन स्थिति भयावह होती जा रही है
मुंबई । देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में दिनों-दिन स्थिति भयावह होती जा रही है और पिछले 24 घंटों के दौरान रिकाॅर्ड 5253 से अधिक नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या सोमवार की रात बढ़कर 1.70 लाख के करीब पहुंच गयी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस अवधि में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 169883 हो गयी है। इस दौरान 181 और लोगों की इस महामारी से मौत होने से इस जानलेवा वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 7610 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 2385 लोग रोगमुक्त हुए हैं जिसके बाद स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 88960 हो गयी है।
राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 52.38 फीसदी है जबकि मृत्यु दर महज 4.4 प्रतिशत है।
सूत्रों के मुताबिक राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 73298 है जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले नंबर पर है।