पहली छमाही में हुआ 80.7 अरब डॉलर का घाटा: एंथ्रोपिक

नई दिल्ली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी एंथ्रोपिक ने इस वर्ष की पहली छमाही में 80.7 अरब डॉलर का भारी शुद्ध घाटा दर्ज किया है।;

By :  IANS
Update: 2026-10-21 06:50 GMT

नई दिल्ली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी एंथ्रोपिक ने इस वर्ष की पहली छमाही में 80.7 अरब डॉलर का भारी शुद्ध घाटा दर्ज किया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।

रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के ड्राफ्ट आईपीओ प्रॉस्पेक्टस का हवाला देते हुए बताया गया है कि इस वर्ष हुए घाटे का बड़ा हिस्सा उन 'अकाउंटिंग चार्जेज' से जुड़ा है, जो फंड जुटाने के लिए जारी किए गए कन्वर्टिबल नोट्स और अन्य वित्तीय साधनों के मूल्य में बदलाव के कारण दर्ज किए गए।

इसी अवधि में कंपनी ने 16.3 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कंपनी की कुल बिक्री का लगभग पांचवां हिस्सा केवल दो प्रमुख ग्राहकों से आया।

पिछले वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 13 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ था, जबकि इस बार यह बढ़कर 80.7 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

कंपनी ने फिलहाल इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। बताया जा रहा है कि एंथ्रोपिक नवंबर में अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, एंथ्रोपिक को अपनी एआई सेवाओं के विस्तार के लिए पर्याप्त क्लाउड क्षमता हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एडब्ल्यूएस, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियां उसे ग्राहक के बजाय संभावित प्रतिस्पर्धी के रूप में देख रही हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी अब अपने डेटा सेंटर लीज पर लेने के साथ-साथ थर्ड-पार्टी डेटा सेंटर ऑपरेटरों के साथ भी काम कर रही है।

इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी एआई कंपनी ने यह भी स्वीकार किया था कि उसके क्लाउड एआई मॉडल ने कुछ बाहरी संगठनों, जिनमें अमेरिका की कुछ सरकारी वेबसाइटें भी शामिल थीं, पर अनजाने में कई कार्रवाइयां की थीं। इसके बाद व्हाइट हाउस ने एआई कंपनियों को अपने सिस्टम की सुरक्षा मजबूत करने का निर्देश दिया था।

सैन फ्रांसिस्को स्थित कंपनी ने एक रिपोर्ट में अपने मॉडलों के चार प्रकार के अनपेक्षित व्यवहारों का उल्लेख किया था, जिनमें साधारण सॉफ्टवेयर कमजोरियों का फायदा उठाकर कमांड चलाना, ऐसे फॉर्म जमा करना जिनकी अनुमति नहीं थी और कुछ सार्वजनिक डेटा तक पहुंच पाने के लिए प्रतिबंधों को दरकिनार करना शामिल था।

इन घटनाओं के बाद एंथ्रोपिक ने अपने एआई मॉडलों के प्रशिक्षण और परीक्षण चरण के दौरान इंटरनेट एक्सेस के कुछ प्रकारों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

कंपनी ने कहा कि कुछ घटनाएं संघीय, राज्य और स्थानीय सरकारी एजेंसियों द्वारा संचालित वेबसाइटों से जुड़ी थीं। हालांकि प्रभावित पक्षों के अनुरोध पर उन संस्थाओं के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

Tags:    

Similar News