छत्तीसगढ़ का 28वां गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला आज से अस्तित्व में

छत्तीसगढ़ का 28वां गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला आज से अस्तित्व में आ गया।

Update: 2020-02-10 18:25 GMT

पेण्ड्रा। छत्तीसगढ़ का 28वां गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला आज से अस्तित्व में आ गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस नवगठित जिले का वहां आयोजित कार्यक्रम में शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज पेण्ड्रा रोड के गुरूकुल क्रीड़ा परिसर में प्रदेश के नवगठित 28वें जिले ‘गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही‘ का उद्घाटन किया।इसके साथ ही इस क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई। मुख्यमंत्री ने जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का लोकार्पण किया। श्री बघेल ने गत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की घोषणा की थी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, विधायक श्रीमती रेणु जोगी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।मुख्यमंत्री के गुरूकुल परिसर पेण्ड्रा रोड पहुंचने पर नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। शुभारंभ अवसर पर नर्तक दलों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।

नवगठित जिले में तीन तहसील तथा तीन विकासखण्ड गौरेला, पेण्ड्रा और मरवाही शामिल होंगे। जिनमें कुल 166 ग्राम पंचायतें, 222 गांव और दो नगर पंचायत गौरेला और पेण्ड्रा समाहित होंगी। इस जिले का क्षेत्रफल 1 लाख 68 हजार 225 हेक्टेयर होगा। इस जिले में कुल सिंचित रकबा 6290 हेक्टेयर और कुल असिंचित रकबा 64 हजार 352 हेक्टेयर होगा।

इस नवगठित जिले में मरवाही विधानसभा के 200 गांव और कोटा विधानसभा के 25 गांव, कोरबा लोकसभा क्षेत्र के 200 गांव और बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के 25 गांव समाहित होंगे।

अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से पेन्ड्रा को जिला बनाने की मांग होती रही है।अविभाजित मध्यप्रदेश में श्री दिग्विजय सिंह द्वारा मुख्यमंत्री रहते गठित किए गए जिला पुनर्गठन आयोग ने भी पेन्ड्रा को जिला बनाने की संस्तुति की थी,पर कतिपय कारणों से जिला नही बना।राज्य गठन के बाद श्री अजीत जोगी मुख्यमंत्री बने पर उन्होने गठन के समय राज्य की वित्तीय चुनौतियों का हवाला देते हुए इसे जिला नही बनाया।

भाजपा के 15 वर्षों के लम्बे शासनकाल में मुख्यमंत्री रहे डा.रमन सिंह ने नौ नए जिले बनाए पर पेन्ड्रा को जिला नही बनाया। इसके पीछे इस इलाके में श्री जोगी के प्रभाव को माना गया।श्री जोगी स्वयं डा.सिंह के पास इस मसले को लेकर गए,पर जिला नही बना।फिलहाल जिला बनने से इस इलाके के लोगो की कई दशक से चली आ रही मांग पूरी हो गई।

Full View

Tags:    

Similar News