Top
Begin typing your search above and press return to search.

अमेरिका बनाएगा दुनिया के आधे सेमीकंडक्टर: ट्रंप का दावा

वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ताइवान की चिप निर्माता कंपनी टीएसएमसी के एरिजोना में 265 अरब डॉलर के निवेश के बाद अमेरिका दुनिया के लगभग आधे सेमीकंडक्टर (चिप्स) का उत्पादन करेगा।

अमेरिका बनाएगा दुनिया के आधे सेमीकंडक्टर: ट्रंप का दावा
X

वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ताइवान की चिप निर्माता कंपनी टीएसएमसी के एरिजोना में 265 अरब डॉलर के निवेश के बाद अमेरिका दुनिया के लगभग आधे सेमीकंडक्टर (चिप्स) का उत्पादन करेगा। उन्होंने कहा कि दवा बनाने वाली कई बड़ी कंपनियां आयरलैंड, चीन और ब्रिटेन जैसे देशों से अपना उत्पादन वापस अमेरिका ला रही हैं। बुधवार (स्थानीय समय) को एरिजोना के बुलहेड सिटी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने टीएसएमसी की परियोजना का श्रेय खुद को दिया।

उन्होंने कहा, "मैं ही वह व्यक्ति हूं, जिसने ताइवान की कंपनी टीएसएमसी को यहां लाने का काम किया। यह 265 अरब डॉलर का निवेश है। यहां दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर निर्माण सुविधाएं बनने जा रही हैं।" ट्रंप ने कहा क‍ि मेरा मानना है कि हम दुनिया के 50 प्रतिशत चिप्स बनाएंगे। अभी हमारे पास शून्य प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के निर्माण कार्य में ही फिलहाल 6,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी ग्लोबलफाउंड्रीज भी अपने कारोबार का विस्तार करेगी।

उन्होंने कहा, "ग्लोबलफाउंड्रीज न्यूयॉर्क राज्य के अपस्टेट क्षेत्र में दो विशाल नए सेमीकंडक्टर कारखाने बनाने के लिए 21 अरब डॉलर का निवेश करेगी।" ट्रंप ने इंटेल के साथ हुए समझौते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा क‍ि हमने 72 अरब डॉलर का मुनाफा कमाया। मैंने इंटेल के साथ एक समझौता किया था। उन्होंने टिकटॉक को लेकर भी 10 अरब डॉलर का जिक्र किया, लेकिन यह नहीं बताया कि ये आंकड़े कैसे निकाले गए और इनमें घोषित निवेश तथा वास्तव में खर्च की गई राशि का क्या अंतर है।

फार्मास्यूटिकल क्षेत्र पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि कई बड़ी अमेरिकी दवा कंपनियां अपना उत्पादन वापस अमेरिका ला रही हैं। एली लिली ने कई मेडिकल प्लांट लगाने की घोषणा की है। मर्क और फाइजर भी ऐसा कर रहे हैं। हमारा पूरा दवा उद्योग वापस अमेरिका आ रहा है। अभी इसका उत्पादन आयरलैंड, चीन और ब्रिटेन में होता है, लेकिन अब यह सब वापस आ रहा है। ये कंपनियां सैकड़ों अरब डॉलर खर्च कर रही हैं।

ट्रंप ने दावा किया कि उनकी 'मोस्ट-फेवर्ड-नेशन' दवा मूल्य निर्धारण नीति से दवाओं की कीमतों में भारी कमी आई है। दवाओं की कीमतें, जो दुनिया में सबसे ज्यादा थीं, अब सबसे कम हो गई हैं। हमारी दवाओं की कीमतें 50, 60, 70 और यहां तक कि 80 प्रतिशत तक कम हो जाएंगी। हालांकि, उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई आंकड़े या डेटा पेश नहीं किया। ट्रंप ने अमेरिका में 21.2 ट्रिलियन डॉलर के निवेश के वादों का भी उल्लेख किया। उन्होंने तांबे (कॉपर) पर लगाए गए 50 प्रतिशत शुल्क और एरिजोना की रिजॉल्यूशन कॉपर खदान परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे 3,700 नौकरियां पैदा होंगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it