Top
Begin typing your search above and press return to search.

व्यापार समझौता दो महीने आगे बढ़ाने पर अमेरिका और चीन के बीच सहमति

वॉशिंगटन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की यात्रा के दौरान अमेरिका ने घोषणा की कि दोनों देशों ने अपने मौजूदा व्यापार समझौते को दो महीने और बढ़ाने पर सहमति जताई है।

व्यापार समझौता दो महीने आगे बढ़ाने पर अमेरिका और चीन के बीच सहमति
X

वॉशिंगटन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की यात्रा के दौरान अमेरिका ने घोषणा की कि दोनों देशों ने अपने मौजूदा व्यापार समझौते को दो महीने और बढ़ाने पर सहमति जताई है।

बुधवार शाम स्थानीय समय के मुताबिक ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज पर शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत किया। यह स्‍वागत अहम इसल‍िए हो गया क्‍योंक‍ि आम तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति किसी दूसरे देश के राष्ट्राध्यक्ष का औपचारिक स्वागत व्हाइट हाउस में करते हैं। चीनी राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा की शुरुआत रेड कार्पेट, सैन्य गार्ड ऑफ ऑनर और लड़ाकू विमानों के फ्लाईपास्ट के साथ हुई।

द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, शी जिनपिंग के पहुंचने के कुछ ही समय बाद अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि दोनों देश मौजूदा व्यापार व्यवस्था की समयसीमा बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। यह व्यवस्था पहले दस नवंबर को खत्म होने वाली थी। अब इसे 10 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है।

द टाइम्स के मुताबिक, इस व्यवस्था के तहत अमेरिका कुछ टैरिफ और पाबंदियों को फिलहाल रोककर रखेगा, जबकि चीन अमेरिकी कंपनियों में इस्तेमाल होने वाले रेयर अर्थ मिनरल्स यानी दुर्लभ और जरूरी खनिजों की सप्लाई जारी रखेगा।

बेसेंट ने फॉक्स न्यूज से कहा कि इस समयसीमा को बढ़ाने से, "हमें यह देखने के लिए और समय मिलेगा कि आर्थिक मोर्चे पर हम क्या कर सकते हैं।"

इस घोषणा के साथ ट्रंप और शी जिनपिंग की मुख्य बातचीत शुरू होने से पहले ही इस यात्रा से एक ठोस नतीजा सामने आ गया। हालांकि, इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, टेक्नोलॉजी और सुरक्षा को लेकर चल रहे बड़े विवादों का समाधान नहीं हुआ है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, शी जिनपिंग का विमान अमेरिकी समय के मुताबिक शाम 6 बजे से कुछ समय पहले उतरा। दोनों राष्ट्रपतियों और उनकी पत्नियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और दोनों देशों के राष्ट्रगान के दौरान साथ खड़े रहे। रेड कार्पेट पर चलते समय ट्रंप मुस्कुराए और उन्होंने शी जिनपिंग के कंधे पर हाथ रखा।

अमेरिकी राष्ट्रपति आमतौर पर विदेशी नेताओं का स्वागत करने के लिए खुद जॉइंट बेस एंड्रयूज नहीं जाते हैं, इसलिए इस स्वागत को यात्रा की एक असामान्य और खास शुरुआत माना गया।

व्हाइट हाउस वापस पहुंचने के बाद ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "राष्ट्रपति शी के लिए कल रात हमारा कार्यक्रम में काफी भीड़ होने वाली है।"

रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को शी जिनपिंग के सम्मान में स्टेट डिनर रखा गया है। कार्यक्रम में व्हाइट हाउस में औपचारिक स्वागत समारोह और नेशनल आर्काइव्स का दौरा भी शामिल है। दोनों नेताओं के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), निवेश और अमेरिका-चीन के बीच आर्थिक प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, बेसेंट ने ऐसी व्यवस्था की संभावना का जिक्र किया है, जिसके तहत अमेरिका और चीन राष्ट्रीय सुरक्षा पर असर डालने वाली एआई से जुड़ी घटनाओं के बारे में एक-दूसरे को जानकारी दे सकें।

बेसेंट ने कहा कि उन्हें लगता है कि चीन इस मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है। हालांकि, अभी ऐसी किसी व्यवस्था का ऐलान नहीं हुआ है। ईरान और ताइवान से जुड़े मुद्दे भी दोनों नेताओं की बैठक के दौरान अहम बने रहेंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा है कि वह शी जिनपिंग के साथ ईरान में चीन की भूमिका पर चर्चा करेंगे।

वहीं, द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, शी जिनपिंग से उम्मीद है कि वह ताइवान को लेकर अमेरिका के रुख का मुद्दा ट्रंप के सामने उठाएंगे। इन दोनों मुद्दों पर व्यापार समझौते की समयसीमा बढ़ने से कोई समाधान नहीं निकला है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it