Top
Begin typing your search above and press return to search.

ट्रंप : मिलर को बनाया व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ

वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहयोगी और आव्रजन नीति के प्रमुख रणनीतिकार स्टीफन मिलर को व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है।

ट्रंप : मिलर को बनाया व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ
X

वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहयोगी और आव्रजन नीति के प्रमुख रणनीतिकार स्टीफन मिलर को व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है।

ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी घोषणा करते हुए मिलर को अपना सबसे भरोसेमंद सलाहकार बताया। उन्होंने कहा,"मिलर फिलहाल प्रशासन में डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और अब व्हाइट हाउस के 33वें चीफ ऑफ स्टाफ होंगे।"

राष्ट्रपति ने सूसी वाइल्स के काम की सराहना करते हुए कहा, " उन्होंने चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में शानदार काम किया है। मैं उनका आभार जताता हूं।" हालांकि, राष्ट्रपति ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके राजनीतिक संगठन में वाइल्स को कौन-सा पद या जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

व्हाइट हाउस ने भी मिलर की नियुक्ति की पुष्टि की। उनके नाम पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, रिपब्लिकन सांसदों और पुरातनपंथी विचारधारा वाले नेताओं ने समर्थन जताया है।

मिलर की नियुक्ति को ट्रंप प्रशासन की घरेलू और खासकर आव्रजन नीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह पहले से ही प्रशासन में प्रभावशाली भूमिका निभा रहे थे और ट्रंप की सख्त आव्रजन नीति तैयार करने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। अब चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में उनके पास व्हाइट हाउस के कामकाज और राष्ट्रपति तक वरिष्ठ अधिकारियों की पहुंच को समन्वित करने की अहम जिम्मेदारी होगी।

इस नियुक्ति पर डेमोक्रेटिक पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कैलिफोर्निया के डेमोक्रेटिक सीनेटर एलेक्स पाडिला ने कहा कि मिलर को इस पद पर लाकर ट्रंप ने अपनी आव्रजन नीति को और आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।

पाडिला ने कहा, ''ट्रंप अपने रुख पर और सख्त हो रहे हैं तो हम भी पीछे नहीं हटेंगे।'' उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट सांसद निगरानी, जांच, समन जारी करने और संघीय फंडिंग पर अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर प्रशासन की नीतियों की जवाबदेही तय करने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने मिलर पर परिवारों को अलग करने, आव्रजन छापेमारी और गिरफ्तारी के लक्ष्य तय करने जैसी नीतियों को आकार देने का आरोप लगाया। पाडिला के मुताबिक, इन अभियानों के कारण कैलिफोर्निया के कई इलाकों, स्कूलों और कार्यस्थलों में लोगों के बीच डर का माहौल बना है।

वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मिलर की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्हें देशभक्त बताया और सूसी वाइल्स की सेवाओं के लिए आभार जताया।

विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी वाइल्स के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि वह राष्ट्रपति के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए मिलर के साथ काम करने को उत्सुक हैं।

एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि वह पहले ट्रंप प्रशासन के समय से ही मिलर को जानते हैं। उन्होंने मिलर की प्रतिबद्धता पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह राष्ट्रपति की टीम का प्रभावी नेतृत्व करेंगे।

व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने भी मिलर की तारीफ करते हुए कहा कि ट्रंप के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए उनसे बड़ा समर्थक कोई नहीं है।

मिलर दोनों ट्रंप प्रशासनों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं। आव्रजन और घरेलू नीतियों पर उनके प्रभाव ने उन्हें अमेरिकी राजनीति में एक प्रमुख और विवादास्पद चेहरा बना दिया है।

वहीं, सूसी वाइल्स ने ट्रंप के 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह व्हाइट हाउस की पहली महिला चीफ ऑफ स्टाफ बनी थीं। इस पद पर रहते हुए वह राष्ट्रपति के कार्यालय के कर्मचारियों, नीतिगत समन्वय, कार्यक्रमों और वरिष्ठ सलाहकारों के साथ संपर्क की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it