Top
Begin typing your search above and press return to search.

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से ट्रंप की समर्थकों से अपील

वाशिंगटन, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वोट अपील की। संदेश पहुंचाने के लिए उन्होंने टेलीफोन का इस्तेमाल किया। पांच राज्यों में चुनाव प्रचार कर रिपब्लिकन उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान का आग्रह किया। उन्होंने जॉर्जिया, इंडियाना, दक्षिण कैरोलिना, अलास्का और न्यूयॉर्क के मतदाताओं को संबोधित करते हुए इन चुनावों को अपने राष्ट्रपति कार्यकाल और सरकार के एजेंडे के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से ट्रंप की समर्थकों से अपील
X

वाशिंगटन, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वोट अपील की। संदेश पहुंचाने के लिए उन्होंने टेलीफोन का इस्तेमाल किया। पांच राज्यों में चुनाव प्रचार कर रिपब्लिकन उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान का आग्रह किया। उन्होंने जॉर्जिया, इंडियाना, दक्षिण कैरोलिना, अलास्का और न्यूयॉर्क के मतदाताओं को संबोधित करते हुए इन चुनावों को अपने राष्ट्रपति कार्यकाल और सरकार के एजेंडे के लिए महत्वपूर्ण बताया।

ट्रंप ने अपने संबोधन में रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन किया और डेमोक्रेटिक पार्टी पर कर नीतियों, आव्रजन और बंदूक रखने के अधिकार से जुड़े मुद्दों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,"यदि रिपब्लिकन उम्मीदवारों को पर्याप्त समर्थन नहीं मिला तो उनकी सरकार की कई नीतियां पलटी जा सकती हैं।"

दक्षिण कैरोलिना के मतदाताओं को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, ''बाहर निकलकर वोट करें और ऐसे समझें जैसे मैं भी चुनाव मैदान में हूं।''

उन्होंने दावा किया कि जब उनका नाम चुनाव में होता है तो मतदान में बढ़ोतरी होती है। हालांकि, अपने संबोधन में इस दावे के समर्थन में कोई आंकड़ा पेश नहीं किया।

जॉर्जिया में ट्रंप ने माइक कॉलिन्स को सीनेट और रिक जैक्सन को गवर्नर पद के लिए समर्थन देने की अपील की। उन्होंने डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन ओसॉफ की आलोचना करते हुए कहा कि रिपब्लिकन उम्मीदवारों की जीत उनकी सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है।

इंडियाना में उन्होंने पांचवें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से विक्टोरिया स्पार्ट्ज का समर्थन किया। ट्रंप ने उनकी कर और सीमा सुरक्षा से जुड़ी नीतियों की तारीफ की। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्पार्ट्ज ने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 20 करोड़ डॉलर से अधिक की राशि उपलब्ध कराने में मदद की है।

ट्रंप ने उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जेडी फोर्ड पर कर, आव्रजन और बंदूक नीति को लेकर निशाना साधा।

दक्षिण कैरोलिना में ट्रंप ने सीनेट के लिए डार्लिन ग्राहम और गवर्नर पद के लिए एलन विल्सन का समर्थन किया। उन्होंने विल्सन के अटॉर्नी जनरल के रूप में कामकाज की तारीफ करते हुए दावा किया कि उनके गवर्नर बनने पर राज्य में आयकर समाप्त किया जा सकता है।

इस दौरान ट्रंप ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों पर बंदूक रखने के अधिकार और सीमा सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने ट्रांसजेंडर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी अपने राजनीतिक विरोधियों की आलोचना की।

अलास्का में ट्रंप ने सीनेटर डैन सुलिवन और कांग्रेस सदस्य निक बेगिच को दोबारा चुनने की अपील की। उन्होंने गवर्नर पद के लिए बर्नाडेट विल्सन का समर्थन किया। सुलिवन के नाम वाले एक अन्य उम्मीदवार का जिक्र करते हुए उन्होंने मतदाताओं को आगाह किया कि नाम की समानता से भ्रम पैदा हो सकता है।

ट्रंप ने अलास्का में एक मतपत्र प्रस्ताव का भी समर्थन किया, जिसे उन्होंने रैंक्ड-चॉइस वोटिंग व्यवस्था समाप्त करने से जुड़ा बताया। उन्होंने सुलिवन और बेगिच को तेल, गैस तथा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का श्रेय दिया।

न्यूयॉर्क में ट्रंप ने माइक लॉलर, माइक लिपेट्री और जीनिन ड्रिस्कॉल के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से लॉलर के साथ राज्य और स्थानीय करों (एसएएलटी) पर संघीय कर कटौती के मुद्दे पर अपने सहयोग का उल्लेख किया। ट्रंप ने कहा कि यह प्रावधान न्यूयॉर्क के करदाताओं के लिए महत्वपूर्ण है।

न्यूयॉर्क के मतदाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ''बाहर निकलें और माइक लॉलर, माइक लिपेट्री तथा जीनिन ड्रिस्कॉल को वोट दें। ये शानदार लोग हैं।''

इसी संबोधन में ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का भी बचाव किया। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई का उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था। साथ ही उन्होंने भविष्य में तेल की कीमतें कम होने की संभावना जताई, हालांकि इसके समर्थन में कोई स्वतंत्र आकलन पेश नहीं किया।

अमेरिका में राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच, यानी दूसरे वर्ष के बाद होने वाले चुनावों को मिडटर्म चुनाव कहा जाता है। इनमें प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की करीब एक-तिहाई सीटों पर मतदान होता है। इसके अलावा विभिन्न राज्यों और स्थानीय निकायों के पदों के लिए भी चुनाव होते हैं। राष्ट्रपति का पद इन चुनावों के लिए मतपत्र पर नहीं होता, लेकिन इनके नतीजों से कांग्रेस में उनकी पार्टी की स्थिति और सरकार के विधायी एजेंडे पर असर पड़ सकता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it