Top
Begin typing your search above and press return to search.

सिडनी : 10 डिग्री ज्यादा रहेगा तापमान

सिडनी, ऑस्ट्रेलिया के सिडनी और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया गया। जंगलों में आग लगने के बढ़ते खतरे को देखते हुए पूर्ण अग्नि प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को सिडनी के पश्चिमी हिस्सों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है।

सिडनी : 10 डिग्री ज्यादा रहेगा तापमान
X

सिडनी, ऑस्ट्रेलिया के सिडनी और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया गया। जंगलों में आग लगने के बढ़ते खतरे को देखते हुए पूर्ण अग्नि प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को सिडनी के पश्चिमी हिस्सों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। गर्म और शुष्क मौसम के साथ गरज-चमक वाले तूफानों की आशंका ने आग का खतरा और बढ़ा दिया है।

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य के ग्रामीण अग्निशमन विभाग ने ग्रेटर सिडनी और ग्रेटर हंटर क्षेत्रों में पूर्ण अग्नि प्रतिबंध लागू किया है। इस दौरान खुले में आग जलाने, ठोस ईंधन से चलने वाले बारबेक्यू और ग्राइंडिंग तथा वेल्डिंग जैसी कुछ गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार यह कई महीनों में सबसे गर्म दिनों में से एक हो सकता है। यदि तापमान 37 डिग्री तक पहुंचता है, तो यह अक्टूबर के इस समय के औसत तापमान से 10 से 11 डिग्री अधिक होगा। सिडनी में इससे पहले फरवरी में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार, न्यूकैसल के उत्तर से वोलोंगोंग तक के इलाकों में तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दोपहर बाद मौसम में बदलाव के साथ तेज और नुकसान पहुंचाने वाली हवाएं चल सकती हैं।

न्यू साउथ वेल्स ग्रामीण अग्निशमन सेवा के आयुक्त ट्रेंट कर्टिन ने चेतावनी दी कि राज्य के बड़े हिस्से में गंभीर गरज-चमक वाले तूफान आ सकते हैं, लेकिन इनसे पर्याप्त बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में 'ड्राई लाइटनिंग' (सूखी आकाशीय बिजली) गिरने से आग लगने का खतरा बना हुआ है।

सूखी बिजली उस स्थिति को कहा जाता है जब गरज-चमक वाले बादलों से बिजली गिरती है, लेकिन बारिश जमीन तक नहीं पहुंच पाती है या इतनी कम होती है कि आग बुझाने में मदद नहीं कर पाती। ऐसी परिस्थितियों में बिजली गिरने से जंगलों और घास के मैदानों में आग भड़क सकती है।

कर्टिन ने लोगों से खुले स्थानों पर आग या ज्वाला पैदा करने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की। उन्होंने बताया कि अनुकूल परिस्थितियों के कारण इस साल अग्निशमन विभाग जंगलों में आग का खतरा कम करने के लिए पहले के वर्षों की तुलना में अधिक नियंत्रित आग प्रबंधन गतिविधियां कर पाया है।

इस बीच, ऑस्ट्रेलिया की संघीय आपातकालीन प्रबंधन मंत्री क्रिस्टी मैकबेन ने ऑसअलर्ट आपातकालीन चेतावनी प्रणाली के विस्तार पर जोर दिया। इस प्रणाली के तहत आपात स्थिति में प्रभावित क्षेत्र के आसपास मौजूद संगत मोबाइल फोन पर अलार्म बजता है और संदेश भेजा जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल विक्टोरिया और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया ने इस प्रणाली को अपनाया है।

यह घटनाक्रम ऑस्ट्रेलिया में सितंबर के रिकॉर्ड गर्म महीनों में से एक रहने के बाद सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर में देश के सभी राज्यों का औसत तापमान अपने पांच सबसे गर्म सितंबर महीनों में शामिल रहा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it