स्विस राजदूत ने किया राष्ट्रपति परमेलिन का स्वागत, विज्ञान जगत से होगी अहम बातचीत
नई दिल्ली, भारत में स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिस्साफी ने स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन की भारत यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नौ साल में किसी स्विस राष्ट्रपति का यह पहला भारत दौरा है और अगले तीन दिनों में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिजनेस और साइंस जगत के दिग्गजों से अहम मुलाकातें होंगी।

नई दिल्ली, भारत में स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिस्साफी ने स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन की भारत यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नौ साल में किसी स्विस राष्ट्रपति का यह पहला भारत दौरा है और अगले तीन दिनों में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिजनेस और साइंस जगत के दिग्गजों से अहम मुलाकातें होंगी।
राजदूत माया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, ''स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन का भारत में बहुत-बहुत स्वागत है। इस अहम राजकीय दौरे पर नई दिल्ली में आपका स्वागत करना मेरे लिए खुशी की बात है। नौ साल में किसी स्विस राष्ट्रपति का यह पहला भारत दौरा है।''
उन्होंने पोस्ट में लिखा, ''अगले तीन दिनों में कई अहम बातचीत और बैठकें होंगी। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिजनेस और साइंस जगत के प्रमुख लोगों के साथ मुलाकातें शामिल हैं। इसके अलावा भारत-ईएफटीए प्रॉस्पेरिटी समिट भी खास रहेगा, जहां टीईपीए (व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता) लागू होने की पहली वर्षगांठ मनाई जाएगी।''
राष्ट्रपति परमेलिन की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) को लागू हुए एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। स्विस राष्ट्रपति ने अपनी यात्रा को इस समझौते की पहली वर्षगांठ के संदर्भ में दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को आगे बढ़ाने का अवसर बताया है।
भारत पहुंचे राष्ट्रपति परमेलिन ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनके सम्मान में आयोजित औपचारिक स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह दौरा इस बात पर जोर देने का एक बेहतरीन मौका है कि स्विट्जरलैंड और भारत दोनों इस रिश्ते को कितनी अहमियत देते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे दोनों देशों के रिश्ते लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी भरोसे और सम्मान पर टिके हुए हैं। उन्होंने कहा कि मेरा यह दौरा हमारी करीबी, व्यापक और लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को आगे बढ़ाने और गहरा करने तथा मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।
समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और इसके बाद द्विपक्षीय वार्ता शुरू हुई।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति परमेलिन क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोनों नेता बहुपक्षीय मंचों पर भारत और स्विट्जरलैंड के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे।


