Top
Begin typing your search above and press return to search.

पाकिस्तान : खैबर पख्तूनख्वा से पोलियो का नौवां मामला सामने आया

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के खैबर जिले में पोलियो का नौवां मामला सामने आया है। प्रभावित बच्चा खैबर पख्तूनख्वा की बारा तहसील का सात महीने का लड़का है। यह नया मामला खैबर से तीसरा और खैबर पख्तूनख्वा से सातवां मामला है।

पाकिस्तान : खैबर पख्तूनख्वा से पोलियो का नौवां मामला सामने आया
X

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के खैबर जिले में पोलियो का नौवां मामला सामने आया है। प्रभावित बच्चा खैबर पख्तूनख्वा की बारा तहसील का सात महीने का लड़का है। यह नया मामला खैबर से तीसरा और खैबर पख्तूनख्वा से सातवां मामला है।

पाकिस्तान के अखबार 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर (एनईओईसी) ने बताया कि खैबर जिले के तीन मामलों में मिले पोलियो वायरस का आनुवंशिक संबंध अफगानिस्तान से है। अफगानिस्तान में भी पोलियो का प्रकोप है, जहां 2026 में 50 मामले सामने आए हैं। इससे संकेत मिलता है कि वायरस सीमाओं के पार फैल रहा है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान दुनिया के केवल दो ऐसे देश हैं, जहां वाइल्ड पोलियो वायरस अभी भी मौजूद है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में पोलियो कर्मियों को अक्सर हमलों का निशाना बनाया जाता रहा है। बुधवार को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के जम्रूद में चल रहे टीकाकरण अभियान के दौरान अज्ञात हमलावरों ने पोलियो अभियान टीम के एक सुपरवाइजर का अपहरण कर लिया।

पाकिस्तान के एक अन्य अखबार 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) वकार अहमद ने बताया कि हथियारबंद हमलावरों ने पोलियो अभियान टीम के सुपरवाइजर जलील खान का अपहरण कर लिया और उसे किसी अज्ञात जगह पर ले गए। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और सुपरवाइजर को खोजने के लिए नाकेबंदी कर दी गई।

मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मोहमंद जिले में पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान सुरक्षा ड्यूटी के लिए एक पोलियो टीम के साथ जा रहे पुलिसकर्मियों पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में दो पुलिसकर्मी मारे गए और एक अन्य घायल हो गया।

'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक लियाकत अली ने बताया कि यह हमला मोहमंद की पिंडियाली तहसील में हाशिम कोर पुलिस चेकपोस्ट के पास हुआ।

इससे पहले सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की और चार पोलियो कर्मियों का अपहरण कर लिया।

'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, टैंक जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने चार पोलियो कर्मियों का अपहरण कर लिया और उन्हें किसी अज्ञात जगह पर ले गए। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।

एक अन्य घटना में खैबर पख्तूनख्वा के लोअर साउथ वजीरिस्तान जिले के आजम वारसक इलाके में बंदूकधारियों ने दो पोलियो कर्मियों का अपहरण कर लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

माना जा रहा है कि प्रतिबंधित संगठन 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (टीटीपी) से जुड़े बंदूकधारियों ने पोलियो टीकाकरण टीम के दो सदस्यों का अपहरण किया था। हालांकि, बाद में दोनों को रिहा कर दिया गया।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it