Top
Begin typing your search above and press return to search.

जयशंकर : भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ाने पर होगा फोकस

नई दिल्ली, विदेश मंत्री जयशंकर अपनी कोटे डी आइवर की यात्रा पूरी करने के बाद इथियोपिया पहुंचे। उन्होंने सार्थक बातचीत के जरिए इस अफ्रीकी देश के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई।

जयशंकर : भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ाने पर होगा फोकस
X

नई दिल्ली, विदेश मंत्री जयशंकर अपनी कोटे डी आइवर की यात्रा पूरी करने के बाद इथियोपिया पहुंचे। उन्होंने सार्थक बातचीत के जरिए इस अफ्रीकी देश के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई।

इथियोपिया पहुंचने की जानकारी देते हुए जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “नमस्ते अदीस अबाबा! इथियोपिया पहुंचकर खुशी हुई। गर्मजोशी से स्वागत के लिए राज्य मंत्री बेरहनु त्सेगये का धन्यवाद। हमारी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बातचीत का इंतजार है।”

अपने दौरे के दौरान जयशंकर इथियोपिया के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के रिश्तों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। विदेश मंत्रालय (एमईए) के मुताबिक, वह अदीस अबाबा में क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों (हेड्स ऑफ मिशन) के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने पहले जारी एक बयान में कहा था कि जयशंकर अपने इथियोपियाई समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के करीबी संबंधों की समीक्षा की जाएगी।

मंत्रालय ने कहा, “विदेश मंत्री का यह दौरा अफ्रीका के साथ भारत की साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की एकजुटता को भी मजबूत करेगा।”

यह दौरा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सहयोग की समीक्षा करने का अवसर देगा। इसके साथ ही इथियोपिया और व्यापक अफ्रीकी क्षेत्र के साथ भारत की भागीदारी को और मजबूत करने के नए रास्तों पर भी चर्चा होगी।

इससे पहले गुरुवार को जयशंकर ने गेद‍ियोन टिमोथेवोस हेसेबोन को इथियोपिया के विदेश मंत्री के रूप में दोबारा नियुक्त किए जाने पर बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि वह जल्द उनसे मुलाकात कर भारत और इथियोपिया की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए उत्सुक हैं।

जयशंकर ने 'एक्स' पर लिखा, “इथियोपिया के विदेश मंत्री के रूप में दोबारा नियुक्ति पर गेद‍ियोन टिमोथेवोस हेसेबोन को बधाई। भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए जल्द मुलाकात का इंतजार है।”

हेसेबोन की दोबारा नियुक्ति इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा नई कैबिनेट के गठन के बाद हुई है। इथियोपिया की प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ पीपल्स रिप्रेजेंटेटिव्स) ने सोमवार को नई संघीय सरकार का गठन किया था। सत्तारूढ़ प्रॉस्पेरिटी पार्टी ने अबी अहमद अली को लगातार दूसरे पांच वर्षीय कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it