Top
Begin typing your search above and press return to search.

हूती समूह के रियाद पर हमले के दावे

रियाद, यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती समूह के उस दावे को 'भ्रामक' बताया है, जिसमें उसने सऊदी अरब की राजधानी रियाद को निशाना बनाने की बात कही थी। गठबंधन का कहना है कि हूती अपने नुकसान को छिपाने के लिए इस तरह के दावे कर रहे हैं।

हूती समूह के रियाद पर हमले के दावे
X

रियाद, यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती समूह के उस दावे को 'भ्रामक' बताया है, जिसमें उसने सऊदी अरब की राजधानी रियाद को निशाना बनाने की बात कही थी। गठबंधन का कहना है कि हूती अपने नुकसान को छिपाने के लिए इस तरह के दावे कर रहे हैं।

गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने शनिवार को स्थानीय समय के मुताबिक 'अशर्क अल-अवसत' अखबार से कहा कि यमन के दक्षिण-पश्चिमी ताइज प्रांत और दूसरे मोर्चों पर हूती समूह को हुए जानमाल के नुकसान के कारण वह अब 'काल्पनिक जीत' दिखाने की कोशिश कर रहा है।

स‍िन्हुआ न्यूज एजेंसी ने 'अशर्क अल-अवसत' के हवाले से बताया कि अल-मलिकी के मुताबिक, इन दावों का मकसद हूती समूह को हुए नुकसान, उसकी गतिविधियों को लेकर लोगों में बढ़ते गुस्से और बाहरी ताकतों के साथ उसके संबंधों से ध्यान हटाना है।

इससे पहले शनिवार को हूती समूह ने दावा किया था कि उसने रियाद में अरामको की एक फैसिलिटी पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। हूती ने कहा कि यह हमला यमन में उसके कब्जे वाले इलाकों पर सऊदी अरब के तेज हुए हवाई हमलों के जवाब में किया गया।

हूती के नियंत्रण वाले अल-मसीराह टीवी पर जारी एक बयान में समूह के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारिया ने दावा किया कि हमला अपने मकसद में सफल रहा और निशाना बनाए गए ठिकानों पर सीधे हमले के बाद आग लग गई।

सारिया ने कहा कि यह हमला यमन की राजधानी सना और हूती के कब्जे वाले दूसरे इलाकों पर उसी दिन हुए कथित सऊदी हवाई हमलों के जवाब में किया गया।

शनिवार को एक अलग बयान में सारी ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान यमन में 60 हवाई और मिसाइल हमले हुए। उन्होंने दावा किया कि हालिया तनाव बढ़ने के बाद से ऐसे हमलों की कुल संख्या 1,410 हो गई है।

सारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि ये 60 हमले सना, सादा, ताइज, हज्जा और मारिब प्रांत के अलग-अलग इलाकों में हुए। उन्होंने दावा किया कि इनमें नागरिक ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।

यह बयान शनिवार दोपहर सना में एक के बाद एक हुए कई जोरदार धमाकों के बाद आया। स्थानीय लोगों ने स‍िन्हुआ को बताया कि थोड़े समय के अंदर सात से ज्यादा धमाकों की आवाज सुनी गई। इस दौरान आसमान में लड़ाकू विमानों की आवाज भी सुनाई दी और अल-नहदैन तथा जबल अत्तान के पहाड़ी इलाकों से धुआं उठता दिखाई दिया। ये दोनों इलाके हूती के कब्जे वाले अहम सैन्य ठिकानों में शामिल हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it