Top
Begin typing your search above and press return to search.

फ्रांस : भीषण दंगों के बाद सफाई और नुकसान का आकलन शुरू

पेरिस, फ्रांस में महंगाई और सार्वजनिक सेवाओं में गिरावट के खिलाफ हुए प्रदर्शन शनिवार को अचानक हिंसक हो गए। आगजनी और तोड़फोड के बाद अब रविवार को देशभर में मरम्मत और सफाई का काम शुरू हुआ। शनिवार को हुए प्रदर्शनों के दौरान एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई, 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए और करीब 1,800 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

फ्रांस : भीषण दंगों के बाद सफाई और नुकसान का आकलन शुरू
X

पेरिस, फ्रांस में महंगाई और सार्वजनिक सेवाओं में गिरावट के खिलाफ हुए प्रदर्शन शनिवार को अचानक हिंसक हो गए। आगजनी और तोड़फोड के बाद अब रविवार को देशभर में मरम्मत और सफाई का काम शुरू हुआ। शनिवार को हुए प्रदर्शनों के दौरान एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई, 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए और करीब 1,800 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के कई शहरों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। हिंसक समूहों ने सरकारी इमारतों को निशाना बनाया, दुकानों में लूटपाट की और पुलिस वाहनों पर हमले किए। लिमोज शहर के 143 साल पुराने ऐतिहासिक सिटी हॉल को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि मार्सेई में प्रदर्शनकारियों ने सिटी हॉल में प्रवेश कर इमारत पर नारे लिख दिए। लियोन में पर्यटन कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया गया।

फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, पेरिस में 855 लोगों को गिरफ्तार किया गया। देशभर में हुई गिरफ्तारियों की संख्या करीब 1,800 रही। अधिकारियों ने बताया कि पेरिस में प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति की हृदयाघात से मौत हो गई।

इन प्रदर्शनों में देशभर में पांच लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। अधिकांश प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन कुछ स्थानों पर हिंसक समूहों ने सार्वजनिक संपत्ति और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया।

प्रदर्शनों की शुरुआत पिछले महीने कामकाजी वर्ग के इलाकों में स्कूलों की खराब स्थिति और शिक्षकों की कमी के खिलाफ छात्र आंदोलन से हुई थी। बाद में यह आंदोलन महंगाई, असमानता, सार्वजनिक खर्च में कटौती और सरकारी सेवाओं की गिरती गुणवत्ता के खिलाफ व्यापक विरोध में बदल गया।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक इमारतों, दुकानों और सरकारी कार्यालयों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने कहा कि सरकार हिंसा के सामने झुकेगी नहीं। उन्होंने अशांति के लिए कट्टर वामपंथी समूहों और अपराधियों को जिम्मेदार ठहराया।

आर्थिक मामलों के मंत्री रोलां लेस्क्योर ने नुकसान झेलने वाले कारोबारियों को सहायता देने का आश्वासन दिया। बोर्दो के मेयर थॉमस काजनेव के अनुसार, शहर में करीब 100 दुकानों में लूटपाट हुई। वहीं, मार्सेई के मेयर बेनोआ पायां ने पीड़ित कारोबारियों की मदद के लिए आपात वित्तीय सहायता की घोषणा की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it