Top
Begin typing your search above and press return to search.

ब्राजील : अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों को निशाना बनाने की कथित साजिश की जांच

साओ पाउलो, फेडरल डिस्ट्रिक्ट की एक निचली अदालत के जज की अनुमति के बाद ब्राजील की फेडरल पुलिस ने देश में अमेरिकी राजनयिक ठिकानों को निशाना बनाने की कथित साजिश की जांच के तहत साओ पाउलो और ब्रासीलिया के पास दो जगहों पर तलाशी ली। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये छापे दो संदिग्धों से जुड़े थे।

ब्राजील : अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों को निशाना बनाने की कथित साजिश की जांच
X

साओ पाउलो, फेडरल डिस्ट्रिक्ट की एक निचली अदालत के जज की अनुमति के बाद ब्राजील की फेडरल पुलिस ने देश में अमेरिकी राजनयिक ठिकानों को निशाना बनाने की कथित साजिश की जांच के तहत साओ पाउलो और ब्रासीलिया के पास दो जगहों पर तलाशी ली। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये छापे दो संदिग्धों से जुड़े थे।

अधिकारियों ने जांच के लिए कंप्यूटर और मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी। हालांकि, पुलिस ने कहा कि अभी तक उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जो सामने आए कथित सुरक्षा खतरे की पुष्टि करता हो। जांच में संदिग्धों और किसी आपराधिक संगठन के बीच भी कोई संबंध नहीं मिला है।

पुलिस ने छापेमारी को एक एहतियाती कदम बताया है। यह जांच गोपनीय तरीके से की जा रही है और इसमें विदेशी खुफिया एजेंसियों का भी सहयोग लिया जा रहा है।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई, जब ब्राजील में अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के राजनयिक मिशनों ने शुक्रवार को सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए लोगों के लिए अपनी सेवाएं रोक दीं या अपने कार्यालय अस्थायी रूप से बंद कर दिए। यह कदम ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव से दो दिन पहले उठाया गया।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, एक आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि ब्राजील भर में अमेरिकी राजनयिक सुविधाओं ने अगले आदेश तक व्यक्तिगत कांसुलर सेवाएं निलंबित कर दी हैं। इनमें ब्रासीलिया में दूतावास और साओ पाउलो, रियो डी जनेरियो, पोर्टो एलेग्रे और रेसिफ में वाणिज्य दूतावास शामिल हैं।

समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ के मुताबिक, अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों ने वीजा की प्रोसेसिंग और वीजा जारी करने का काम भी रोक दिया है। स्थानीय मिलिट्री पुलिस ने ब्रासीलिया में अमेरिकी दूतावास के आसपास अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए हैं। साओ पाउलो में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के आसपास के कुछ इलाकों की घेराबंदी भी की गई है।

ब्रासीलिया स्थित ऑस्ट्रेलियाई दूतावास ने भी सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार को अपना कार्यालय बंद रखने की घोषणा की। दूतावास ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को सलाह दी कि वे ब्राजील में अमेरिकी राजनयिक ठिकानों और उनके आसपास के इलाकों में जाने से बचें। ब्राजील में रविवार को आम और राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर की वोटिंग होनी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it