Top
Begin typing your search above and press return to search.

पंजाब में हाईवे पर यात्री बस पलटने से 10 की मौत: पाकिस्तान

लाहौर, पाकिस्तान में बुधवार को सड़क हादसे में 10 की मौत हो गई जबकि 44 लोग घायल हो गए।

पंजाब में हाईवे पर यात्री बस पलटने से 10 की मौत: पाकिस्तान
X

लाहौर, पाकिस्तान में बुधवार को सड़क हादसे में 10 की मौत हो गई जबकि 44 लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने पुलिस और रेस्क्यू प्रोवाइडर के हवाले से इसकी जानकारी दी।

मीडिया आउटलेट डॉन ने पाकिस्तान की एक प्रमुख आपातकालीन सेवा 'रेस्क्यू 1122' के हवाले से बताया, राजनपुर जिले की रोजहान तहसील में सिंधु हाईवे पर एक यात्री बस सड़क के डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 5:45 बजे बांग्ला हिदायत इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि बस की गति तेज थी और वो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जियो न्यूज ने बताया कि बस कराची से डेरा गाजी खान जा रही थी।

'रेस्क्यू 1122' ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मृतकों में सात पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं।

घायलों में से 38 लोगों का इलाज राजनपुर जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल में किया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चार लोगों को डेरा गाजी खान और दो अन्य गंभीर घायलों को रहीम यार खान के शेख जायद अस्पताल रेफर किया गया।

'रेस्क्यू 1122' ने बताया कि इमरजेंसी कॉल मिलने के तुरंत बाद उन्होंने कार्रवाई की और राजनपुर, जामपुर तथा रोजहान से 10 एम्बुलेंस और दो बचाव वाहन मौके पर भेजे। इस बचाव अभियान में 35 बचावकर्मी शामिल थे।

राजनपुर के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) इमरान रंझा, जिला पुलिस अधिकारी और असिस्टेंट कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे, ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके और बचाव कार्यों में समन्वय किया जा सके।

डीसी रंझा ने 'डॉन' को बताया कि बस ड्राइवर (जो घटना के बाद मौके से भाग गया था) और बस के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, पाकिस्तान में राजमार्गों और मोटरवे पर हो रही दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों में तेज रफ्तार, लापरवाही से गाड़ी चलाना, ड्राइवर की थकान और वाहनों का खराब रखरखाव शामिल है। इसके अलावा, सड़कों की खराब हालत भी ऐसी घटनाओं का एक बड़ा कारण बनती है।

यह घटना मुल्तान में एक तेज रफ्तार कार के सड़क डिवाइडर से टकराने के दो दिन बाद हुई है। सोमवार को मुल्तान के बोसन रोड पर हुए सड़क हादसे में 20-25 साल की उम्र के पांचों युवकों की मौत हो गई थी। उनकी तेज रफ्तार टोयोटा कोरोला कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, फिर पास के एक प्लॉट की दीवार से जा भिड़ी, जिसके बाद उसमें आग लग गई थी। 'रेस्क्यू 1122' के अनुसार, पूरे पंजाब में हर दिन सड़क हादसों के लगभग 1,352 मामले सामने आते हैं, जिनमें औसतन 14 लोगों की मौत हो जाती है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it