ईरान को ट्रंप की धमकी: पुल और बिजली संयंत्र होंगे निशाना
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को चेतावनी दी कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर आगे भी हमले किये तो अमेरिका तेहरान सहित ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाकर नष्ट कर देगा

होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले का अंजाम
- तेहरान के अवसंरचना पर अमेरिकी बमबारी की चेतावनी
- तीन महीनों में 30 जहाजों पर ईरानी हमले
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को चेतावनी दी कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर आगे भी हमले किये तो अमेरिका तेहरान सहित ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाकर नष्ट कर देगा।
श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अब इसके बाद अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरुमध्य में किसी भई जहाज पर हमला किया, चाहे वह मिसाइल से हो, रॉकेट से, ड्रोन से या दूसरे किसी हथियार से, तो अमेरिका एक ब्रिज या ऊर्जा संयंत्र को बम से तबाह कर देगा। इसमें वे अवसंरचनाएं भी शामिल हैं जो राजधानी तेहरान में या उसके आसपास हैं।"
यह चेतावनी ऐसे समय आयी है जब ट्रंप प्रशासन ईरान के साथ युद्धविराम की संभावनाओं और ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान को और विस्तार देने के विकल्पों पर विचार कर रहा है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, किसी भी संभावित युद्धविराम के लिए अमेरिका की प्रमुख शर्त यह है कि ईरान वाणिज्यिक जहाजों पर हमले बंद करे और होर्मुज जलडमरूमध्य से निर्बाध समुद्री यातायात की अनुमति दे।
अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के अनुसार, ईरान ने पिछले तीन महीनों में 30 से अधिक वाणिज्यिक जहाजों पर हमले किये हैं। इनमें जून में तनाव कम करने के उद्देश्य से अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद की कई घटनाएं भी शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका अब तक लगातार 11 रातों तक दक्षिणी ईरान में पुलों को निशाना बना चुका है। यदि हमलों का दायरा बढ़ाकर तेहरान के बिजली संयंत्रों और अन्य बुनियादी ढांचे तक पहुंचाया जाता है तो इससे संघर्ष और अधिक व्यापक हो सकता है तथा ईरान की ओर से बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई की आशंका बढ़ जाएगी।


