Top
Begin typing your search above and press return to search.

'प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होनी चाहिए', उत्तराखंड में युवाओं के लिए योजना का शुभारंभ करेंगे सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को प्रदेश के युवाओं को समर्पित 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना' का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को अवसर देना और उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाना हमारा संकल्प है।

प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होनी चाहिए, उत्तराखंड में युवाओं के लिए योजना का शुभारंभ करेंगे सीएम धामी
X

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को प्रदेश के युवाओं को समर्पित 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना' का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को अवसर देना और उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाना हमारा संकल्प है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होनी चाहिए। इसी सोच के साथ आज प्रदेश के युवाओं को समर्पित 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना' का शुभारंभ करूंगा।"

उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "अब हमारे दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यूपीएससी, पीसीएस, सीडीएस, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, सीएटी, जीएटीई और एनईटी जैसी परीक्षाओं के लिए उन्हें घर बैठे निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड के किसी भी युवा को केवल इसलिए अपने सपनों से समझौता न करना पड़े कि वह दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र में रहता है या महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकता। हमारे युवाओं के सपनों को अवसर देना और उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाना हमारा संकल्प है।"

इससे पहले, रविवार को राज्य में 'मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना' के अंतर्गत 17,852 मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कक्षा 6 से 12वीं तक के मेधावी छात्रों को इस योजना का लाभ मिला है। सरकार इस योजना के अंतर्गत 600 रुपए से 1200 रुपए प्रति महीना छात्रवृत्ति दे रही है।

मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के साथ ही शिक्षा के प्रति उनकी रुचि और लगन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it