Top
Begin typing your search above and press return to search.

नशे के मुद्दे को लेकर सीएम पुष्कर धामी का 'आप' सरकार पर निशाना, बोले- हम बनाएंगे ‘उभरता पंजाब’

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने पंजाब को गंभीर संकट में धकेल दिया है। धामी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य एक 'उभरता, विकसित, सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त पंजाब' बनाना है।

नशे के मुद्दे को लेकर सीएम पुष्कर धामी का आप सरकार पर निशाना, बोले- हम बनाएंगे ‘उभरता पंजाब’
X

मुकेरियां। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने पंजाब को गंभीर संकट में धकेल दिया है। धामी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य एक 'उभरता, विकसित, सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त पंजाब' बनाना है।

भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के तहत दसूहा, उरमार और मुकेरियां में जनसभाओं को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि पंजाब के खोए हुए मान-सम्मान और गौरव को फिर से बहाल किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार ने पंजाब को नशे की आग में धकेलकर बर्बाद कर दिया है और कभी खुशहाल रहा पंजाब अब ‘उड़ता पंजाब’ बन गया है।

धामी ने कहा कि भाजपा का विजन 'उभरदा पंजाब' यानी 'उभरता पंजाब' बनाने का है, जो विकसित, सुरक्षित, स्वस्थ और नशे से मुक्त हो।

धामी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में नशा तस्करों को खुली छूट मिली हुई है, जबकि सरकार से सवाल पूछने वालों को परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने पंजाब की 'सरबत दा भला', यानी सबकी भलाई की परंपरा का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा और इसे 'जानलेवा सरकार' करार दिया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अदालत की टिप्पणियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार और पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या यह दिखाती है कि सरकार राज्य के युवाओं की सुरक्षा करने में विफल रही है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के अभियान को चुनावी राजनीति के बजाय युवाओं को बचाने का आंदोलन बताया। उन्होंने कहा, ''यह वोट मांगने की यात्रा नहीं है। यह पंजाब के खोए हुए मान-सम्मान और गौरव को वापस दिलाने और माताओं के बच्चों को बचाने की यात्रा है।''

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब को नशामुक्त बनाने की गारंटी दी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की सप्लाई घर-घर तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने तीन महीने के भीतर नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार साल गुजरने के बावजूद कोई नतीजा नहीं निकला।

सोम प्रकाश ने दावा किया कि अब पंजाब के लोगों को यह समझ आ गया है कि भाजपा ही राज्य से नशे की समस्या को खत्म करने में सक्षम है।

मुकेरियां से भाजपा विधायक जंगी लाल महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने किए गए वादों को पूरा करके दिखाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नशे को खत्म करने का संकल्प लिया है और इसके लिए पूरा रोडमैप तैयार किया गया है। महाजन ने लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करने की अपील की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it