Top
Begin typing your search above and press return to search.

चुनाव आयोग संविधान के तहत कर रहा काम, युवाओं को देशहित में करना चाहिए काम: नंदकिशोर गुर्जर

दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिलाओं द्वारा किए गए प्रदर्शन और लगाए गए नारे को लेकर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदर्शन हो रहा है, वो सही नहीं है। युवाओं को देश के हित में काम करना चाहिए।

चुनाव आयोग संविधान के तहत कर रहा काम, युवाओं को देशहित में करना चाहिए काम: नंदकिशोर गुर्जर
X

गाजियाबाद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिलाओं द्वारा किए गए प्रदर्शन और लगाए गए नारे को लेकर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदर्शन हो रहा है, वो सही नहीं है। युवाओं को देश के हित में काम करना चाहिए।

अखिलेश यादव के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के सवाल पर नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है कि कौन प्रदर्शन में पहुंच रहा है और कौन नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन करने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने पहले लोकतंत्र का गला घोंटने और देश में इमरजेंसी लगाने का काम किया था। उन्होंने कांग्रेस पर भी न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।

चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों के संबंध में नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि चुनाव आयोग अपना काम निष्पक्ष तरीके से करता है और उस पर किसी का दबाव नहीं होता। भाजपा विधायक ने कहा कि जब कुछ राजनीतिक दल चुनाव हारते हैं तो पहले ईवीएम पर सवाल उठाते थे, जबकि सत्ता में रहने के दौरान बैलेट पेपर से चुनाव भी हुए हैं। गुर्जर ने दावा किया कि विपक्षी दल अपनी राजनीतिक हार को छिपाने के लिए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने प्रदर्शन को लेकर यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग संसद पर कब्जे और देश में श्रीलंका जैसी स्थिति पैदा करने की बात कर रहे हैं, हालांकि इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई स्पष्ट प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गाजियाबाद की अदालत द्वारा जारी गैर जमानती वारंट पर गुर्जर ने कहा कि न्यायालय का सम्मान सभी को करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण कई बार अदालत में पेशी छूट सकती है और उम्मीद जताई कि चंद्रशेखर आजाद इस मामले को ठीक कर लेंगे।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उत्तर प्रदेश में गठबंधन संबंधी बयान पर गुर्जर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ओवैसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें “कट्टर जिहादी” बताया और दावा किया कि उनकी राजनीति देश में सांप्रदायिक तनाव बढ़ा सकती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से ओवैसी के प्रदेश में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की।

गुर्जर ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली बार समाजवादी पार्टी को मिली सीटों की संख्या को बड़ी उपलब्धि नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में सपा को उतनी सीटें नहीं मिलेंगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it