Top
Begin typing your search above and press return to search.

'आजम खान की दुर्दशा के लिए सपा प्रमुख जिम्मेदार', अखिलेश यादव पर भड़के अनिल राजभर

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने आजम खान का इस्तेमाल मुस्लिम मतदाताओं तक पहुंचने के लिए किया

आजम खान की दुर्दशा के लिए सपा प्रमुख जिम्मेदार, अखिलेश यादव पर भड़के अनिल राजभर
X

वाराणसी। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने आजम खान का इस्तेमाल मुस्लिम मतदाताओं तक पहुंचने के लिए किया। राजभर ने कहा कि आजम खान की मौजूदा स्थिति के लिए समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया जिम्मेदार हैं।

अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश के मुस्लिम समाज और आजम खान को सबसे ज्यादा धोखा समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ने दिया है। उन्होंने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुस्लिम समाज की आबादी का हवाला देकर उसे पार्टी का कार्यकर्ता बनाया जाता है, जबकि यादव समाज से मुख्यमंत्री बनाया जाता है। यदि समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व को वास्तव में मुस्लिम समाज से हमदर्दी है, तो उन्हें घोषणा करनी चाहिए कि मौका मिलने पर अगली सरकार में मुस्लिम समाज के किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। समाजवादी पार्टी के मुखिया को इस दिशा में बड़ा दिल दिखाना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा आजम खान का इस्तेमाल मुस्लिम मतदाताओं तक पहुंचने के माध्यम के रूप में किया। आज आजम खान की जो स्थिति है, उसके लिए अखिलेश यादव जिम्मेदार हैं। खान से कथित तौर पर दलितों, पिछड़ों और रामपुर के लोगों की जमीन पर कब्जे से जुड़े काम कराए गए, जबकि समाजवादी पार्टी का नेतृत्व पर्दे के पीछे से अपनी भूमिका निभाता रहा। इसके बाद आजम खान जेल पहुंच गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के समय एक बार फिर आजम खान के जरिए मुस्लिम मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

अनिल राजभर ने अखिलेश यादव पर आजम खान से मिलने में देरी करने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि सैफई परिवार का कोई सदस्य जेल में होता, तो क्या उससे मिलने में भी इतनी देर की जाती? राजभर ने सवाल किया कि अखिलेश यादव लखनऊ में रहते हुए इतने दिनों तक आजम खान से मिलने क्यों नहीं गए। सपा प्रमुख जनता के बीच जाने के बजाय सोशल मीडिया के जरिए लोगों को गुमराह करने का काम करते हैं। प्रदेश का मुस्लिम समाज जानना चाहता है कि अखिलेश यादव आजम खान से मिलने में देर क्यों कर रहे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it