यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर केन्द्र व राज्य आयोग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक
भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी जनपद मेरठ में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे।
मेरठ। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी जनपद मेरठ में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित रहे। इस दौरान मीडियाकर्मियों से दूरी बनाई गई। अधिकारियों ने गोपनीय बैठक का हवाला देकर मीडिया से दूरी बनाकर रखी।
जिला सूचना द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस समीक्षा बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद एवं अलीगढ़ मंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल 18 जनपदों की विधानसभा निर्वाचन-2027 से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया गया।
बैठक में संबंधित मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागिता की। संबंधित जनपदों के अधिकारियों द्वारा आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों, निर्वाचन प्रबंधन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़ी प्रगति का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक में निर्वाचन तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर अब तक की गई कार्यवाही एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत प्रदेश में निर्वाचन तैयारियों की यह समीक्षा की गई, ताकि संबंधित अधिकारी समयबद्ध ढंग से आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सकें।




