राहुल गांधी की बात उनकी सोच और जनता के भरोसे को दिखाती है: अजय राय
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि अगले एक साल के भीतर केंद्र की एनडीए सरकार गिर जाएगी, उस पर सियासत लगातार गरमाई हुई है

लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि अगले एक साल के भीतर केंद्र की एनडीए सरकार गिर जाएगी, उस पर सियासत लगातार गरमाई हुई है। भाजपा और एनडीए के कई नेताओं ने राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने खुलकर राहुल गांधी का समर्थन किया और कहा कि राहुल गांधी जो भी कह रहे हैं, वह उनकी सोच और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ को दिखाता है।
लखनऊ में अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी ने देश में अपनी मजबूत जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग के लोग राहुल गांधी पर भरोसा जता रहे हैं। चाहे सवर्ण समाज हो, पिछड़ा वर्ग, दलित या अल्पसंख्यक समुदाय, सभी वर्गों का समर्थन राहुल गांधी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोग राहुल गांधी को पसंद करते हैं और उनके साथ खड़े हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी लगातार जनता के मुद्दे उठा रहे हैं और यही वजह है कि उनकी लोकप्रियता बढ़ रही है।
वहीं, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के उस बयान पर भी अजय राय ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की बात कही थी। अजय राय ने कहा कि हामिद अंसारी ने बिल्कुल सही बात कही है। उन्होंने जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष अरशद मदनी के बयान का भी जिक्र किया। अजय राय ने कहा कि मदनी ने भी कहा था कि गाय को 'राष्ट्रीय पशु' घोषित किया जाना चाहिए।
अजय राय ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस इजरायल को 'फादरलैंड' बताते हैं, वहां बड़ी मात्रा में बीफ का सेवन किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ऐसा देश है जहां गाय की हत्या नहीं की जाती और न ही बीफ खाया जाता है।


