Top
Begin typing your search above and press return to search.

नितिन नवीन दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर, 'सेवा यात्रियों' की जनसभा को करेंगे संबोधित

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन सात और आठ अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी में रहेंगे

नितिन नवीन दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर, सेवा यात्रियों की जनसभा को करेंगे संबोधित
X

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन सात और आठ अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी में रहेंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत काशी पहुंची 'सेवा यात्रियों' के सम्मान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा वह पार्टी के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। भाजपा की ओर से मंगलवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, श्री नवीन सात अक्टूबर को दोपहर वाराणसी पहुंचने के बाद जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज जाएंगे। यहां वह 'सेवा संकल्प यात्रा' के तहत देश के विभिन्न हिस्सों से काशी पहुंचे 'सेवा यात्रियों' के स्वागत में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके बाद वह जगतपुर स्थित होटल धाम रिजॉर्ट में काशी क्षेत्र के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। रात में वह क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी और क्षेत्रीय महामंत्रियों के साथ बैठक कर संगठन की समीक्षा करेंगे। दिन के अंतिम चरण में वह विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशियों और अन्य आवेदकों के साथ बैठक करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन आठ अक्टूबर को नवीन सुबह आठ बजे द्वादश ज्योतिर्लिंगों में श्रेष्ठ बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे तथा देश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह युवाओं से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करेंगे।

इसके बाद नवीन गोकुल धाम रिजॉर्ट पहुंचेंगे, जहां वह पिछले तीन कार्यकाल के जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और काशी क्षेत्र के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर में पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक होगी। दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रीय अध्यक्ष काशी क्षेत्र के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। पार्टी के मुताबिक इन संगठनात्मक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद नबीन नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it