Top
Begin typing your search above and press return to search.

12 साल पहले मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ का संकल्प लिया, अब यूपी 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करेगा: अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह में कहा कि आज का दिन मणिकांचन योग लेकर आया है

12 साल पहले मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ का संकल्प लिया, अब यूपी 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करेगा: अमित शाह
X

ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह में कहा कि आज का दिन मणिकांचन योग लेकर आया है। आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती है। उन्होंने देश के सामने अंत्योदय और एकात्म मानववाद पर आधारित आर्थिक नीति का विचार रखा था। उन्हीं के विचारों पर आगे बढ़कर आने वाले वर्षों में भारत को महान बनाने का काम किया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि 12 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य भारत को मैन्युफैक्चरिंग और नवाचार का केंद्र बनाना था। आज उसी सोच को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है।

2013 में निवेशक सम्मेलन के लिए दिल्ली जाना पड़ा था

शाह ने कहा कि वह निवेशकों को एक पुरानी बात याद दिलाना चाहते हैं। 2013 में निवेश को लेकर एक कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी, लेकिन वह लखनऊ के बजाय दिल्ली में करनी पड़ी थी। उस समय यूपी के अधिकारियों ने कहा था कि लखनऊ में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। यूपी अब निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार कर रहा है। प्रो-एक्टिव सरकार, सुविधाएं और राजनीतिक स्थिरता निवेश के लिए जरूरी हैं।

चौथे ट्रेड शो तक पहुंचा यूपी

अमित शाह ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के पहले संस्करण में सरकार ने इस आयोजन को समझा, दूसरे में इरादा मजबूत हुआ, तीसरे में यहां आकर सहभागिता बढ़ी और अब चौथे संस्करण में सभी को सहयोगी बनकर यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में योगदान देना है।

इस साल ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक और 85 देशों से 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार पहुंच रहे हैं। छह देश पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हैं।

‘कुछ लोग भारत की अर्थव्यवस्था को डेड बताते हैं’

शाह ने कहा कि कुछ लोग भारत की जीडीपी के आंकड़ों पर सवाल उठाते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ बताते हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ रेट हासिल की है और दुनिया की सबसे तेज बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है। निर्यात में कई गुना वृद्धि हुई है। सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है और छह राज्यों में 12 सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है।

‘यूपी में कभी माफिया राज था, अब निवेश का माहौल’

गृहमंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफिया राज की चर्चा होती थी, लेकिन अब यहां निवेश का माहौल बना है। वाहन चोरी के लिए बदनाम जगहों पर अब वाहन मैन्युफैक्चरिंग हो रही है और चेन स्नैचिंग की जगह इंडस्ट्री लग रही है।

उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के जरिए उत्तर प्रदेश में रक्षा क्षेत्र में निवेश आ रहा है। देश में रक्षा उत्पादन और निर्यात बढ़ रहा है। यूपी में बन रहा ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम और अमेठी में बनने वाली AK-203 राइफल रक्षा उत्पादन में प्रदेश की नई भूमिका को दिखाते हैं।

नोएडा एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे का जिक्र

अमित शाह ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और बेहतर कनेक्टिविटी उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक परिदृश्य को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी अब निवेश, उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर बढ़ सकता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it