Top
Begin typing your search above and press return to search.

भाजपा तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और पंरपराओं को खत्म कर देगी : राहुल गांधी

तमिलनाडु विधानसभा के सभी 234 सदस्यों के चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होना है

भाजपा तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और पंरपराओं को खत्म कर देगी : राहुल गांधी
X

नई दिल्ली। तमिलनाडु विधानसभा के सभी 234 सदस्यों के चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होना है। इस बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राज्य के लोगों से कांग्रेस-डीएमके गठबंधन को समर्थन देने की अपील की है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि तमिलनाडु में यह चुनाव कांग्रेस पार्टी-डीएमके गठबंधन और भाजपा-एआईएडीएमके गठबंधन के बीच विचारधारा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा एआईएडीएमके को कंट्रोल करती है और तमिलनाडु में किसी भी तरह प्रवेश करने की कोशिश में जुटी है।

उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो वो तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को खत्म कर देंगे। एआईएडीएमके नेतृत्व अपने भ्रष्टाचार के कारण भाजपा के दबाव में है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में हैं और एआईएडीएमके नेतृत्व प्रधानमंत्री के दबाव में है।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा दिल्ली से तमिलनाडु को चलाना चाहती है। भाजपा तमिलनाडु में कठपुतली मुख्यमंत्री और दूरस्थ नियंत्रण वाली सरकार चाहती है। इंडिया गठबंधन ऐसा कभी नहीं होने देगा। तमिलनाडु अपनी पहचान और गरिमा की रक्षा के लिए मतदान करेगा। लेकिन, हम चाहते हैं कि तमिलनाडु के लोग ही तमिलनाडु पर शासन करें। हम चाहते हैं कि तमिलनाडु में वहीं का मुख्यमंत्री हो, जो वहां के लिए और वहां के लोगों के लिए काम करे।

उन्होंने कहा कि हम तमिलनाडु में सामाजिक न्याय के पक्ष में हैं और कांग्रेस-डीएमके गठबंधन सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देते हैं। हमारी सरकार तमिलनाडु में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के लिए योजनाएं लाएगी।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कांग्रेस-डीएमके गठबंधन का गौरवशाली इतिहास रहा है। हम इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। तमिलनाडु के लोगों के लिए मेरा संदेश: अपनी पहचान, अपनी भाषा, अपने अधिकारों की रक्षा करें।

उन्होंने तमिलनाडु के लोगों से कांग्रेस-डीएमके गठबंधन को समर्थन देने की अपील की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it