CSK का नए हेड कोच बना भारत का पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज, स्टीफन फ्लेमिंग की लेंगे जगह; जानें कैसा रहा है करियर
फ्रेंचाइजी की ओर से जहीर को हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला आगामी सीजन के साथ-साथ टीम की दीर्घकालिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जहीर के पास बतौर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल का लंबा अनुभव है।

चेन्नई: Zaheer Khan: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की प्रमुख टीमों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2027 से पहले अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त करने की पुष्टि की है। जहीर अब लंबे समय से टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे स्टीफन फ्लेमिंग की जगह यह भूमिका निभाएंगे। सीएसके ने सोशल मीडिया पर जहीर की नियुक्ति की घोषणा करते हुए लिखा, “अब बाएं हाथ की बारी। चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच के रूप में जहीर खान का स्वागत है।” जहीर की नियुक्ति इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल तक उनके नाम को लेकर ज्यादा अटकलें सामने नहीं आई थीं।
लंबे समय की रणनीति पर CSK का फोकस
फ्रेंचाइजी की ओर से जहीर को हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला आगामी सीजन के साथ-साथ टीम की दीर्घकालिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जहीर के पास बतौर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल का लंबा अनुभव है। इसके अलावा संन्यास के बाद वह टीम मैनेजमेंट और मेंटरशिप से भी जुड़े रहे हैं। इससे उन्हें खिलाड़ियों के विकास, गेंदबाजों के साथ काम करने और टीम की रणनीति तैयार करने का व्यापक अनुभव मिला है। सीएसके के लिए यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब फ्रेंचाइजी भविष्य के लिए अपनी टीम संरचना को नए सिरे से तैयार करने पर जोर दे रही है।
भारत के लिए ऐसा रहा जहीर का करियर
जहीर खान को भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में गिना जाता है। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए 92 टेस्ट मैचों में 311 विकेट हासिल किए। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 200 मुकाबलों में 282 विकेट लिए। टी20 इंटरनेशनल में जहीर ने 17 मैच खेले और 17 विकेट अपने नाम किए। उनके करियर का सबसे यादगार दौर 2011 वनडे विश्व कप रहा। भारत की खिताबी जीत में जहीर ने अहम भूमिका निभाई थी और टूर्नामेंट में 21 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। उनकी गेंदबाजी में गति के साथ स्विंग और रिवर्स स्विंग का इस्तेमाल उनकी खासियत रही। यही अनुभव अब उन्हें बतौर कोच टीम के तेज गेंदबाजों के साथ काम करने में मदद कर सकता है।
IPL में तीन टीमों का हिस्सा रहे
जहीर खान का आईपीएल करियर भी काफी लंबा रहा। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स का प्रतिनिधित्व किया। कुल 100 आईपीएल मैचों में उनके नाम 102 विकेट दर्ज हैं और उनकी इकोनॉमी रेट 7.59 रही। करियर के अंतिम दौर में जहीर दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी भी कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ काम किया और मैदान पर नेतृत्व की भूमिका निभाई। खिलाड़ी के तौर पर उनका यह अनुभव अब कोचिंग में भी उपयोगी साबित हो सकता है।
मुंबई इंडियंस के साथ जीते दो खिताब
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद जहीर ने टीम मैनेजमेंट में कदम रखा। वह 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन्स रहे। इस अवधि में मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में लगातार दो आईपीएल खिताब जीते। इस भूमिका में जहीर खिलाड़ियों की तैयारी, टीम मैनेजमेंट और क्रिकेट से जुड़े रणनीतिक फैसलों का हिस्सा रहे। इसके बाद वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ मेंटर के रूप में भी जुड़े।
सफल रहा था फ्लेमिंग का कार्यकाल
स्टीफन फ्लेमिंग 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में एक खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे। इसके बाद 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की कमान संभाली। पिछले 17 वर्षों से सीएसके और फ्लेमिंग का साथ मजबूती से रहा और फ्रेंचाइजी ने कई सफलताएं हासिल की। उनके कोच रहते सीएसके ने 5 आईपीएल ट्रॉफी और 2 बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब अपने नाम किया। इतनी ही नहीं, सीएसके ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची।
अब CSK के साथ नई जिम्मेदारी
जहीर के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच की भूमिका उनके कोचिंग करियर का नया चरण होगी। उन्हें एक ऐसी फ्रेंचाइजी की जिम्मेदारी मिली है, जिसकी पहचान लंबे समय से मजबूत टीम संस्कृति और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ बनी रही है। अब जहीर के सामने टीम की मौजूदा जरूरतों के साथ भविष्य के लिए खिलाड़ियों का संयोजन तैयार करने की चुनौती होगी। उनके अनुभव का इस्तेमाल खास तौर पर युवा खिलाड़ियों और तेज गेंदबाजों के विकास में किया जा सकता है। आईपीएल 2027 से जहीर की नई भूमिका पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजर रहेगी।


