Top
Begin typing your search above and press return to search.

पडिक्कल-सुदर्शन और यश की दमदार पारियों ने कराई वापसी: अनौपचारिक टेस्ट

लिंकन, भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे अनौपचारिक टेस्ट मैच का तीसरा दिन भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा।

पडिक्कल-सुदर्शन और यश की दमदार पारियों ने कराई वापसी: अनौपचारिक टेस्ट
X

लिंकन, भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे अनौपचारिक टेस्ट मैच का तीसरा दिन भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। बर्ट सटक्लिफ ओवल के मैदान पर दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने शानदार वापसी करते हुए दूसरी पारी में 8 विकेट खोकर 488 रन बना लिए हैं।

टेस्ट के तीसरे दिन की शुरुआत भारतीय टीम के लिए अच्छी रही। देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने अपनी 96 रनों की साझेदारी को आगे बढ़ाया और भारतीय टीम को 200 रनों का आंकड़ा पार कराया। सुदर्शन अपने शतक से चूक गए और 184 गेंदों में 91 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 12 चौके लगाए। हालांकि, ध्रुव जुरेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह महज 2 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद पडिक्कल और यश राठौड़ ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 142 रनों की अहम साझेदारी निभाई। पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 248 गेंदों में 199 रनों की यादगार पारी खेली। हालांकि, वह अपने दोहरे शतक से सिर्फ एक रन से चूक गए। पडिक्कल जैक गिब्सन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। मगर वह अंपायर के फैसले से नाखुश दिखाई दिए। भारतीय बल्लेबाज ने अपनी इस पारी में 24 चौके और 3 छक्के लगाए। यश ने 72 गेंदों का सामना करते हुए 66 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। यश ने अपनी पारी में कुल 8 चौके लगाए।

इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और अंशुल कंबोज ने भी मिलकर 41 रनों की अहम पार्टनरशिप की। अंशुल 36 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। कंबोज के आउट होने के बाद वॉशिंगटन को आकिब नबी के रूप में एक और जोड़ीदार मिला और दोनों ने मिलकर 106 गेंदों में 69 रन जोड़े। आकिब ने 63 गेंदों में 38 रन बनाए।

वहीं, सुंदर दिन का खेल खत्म होने तक अपना अर्धशतक पूरा कर 51 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। वह अपनी इस पारी में अब तक 6 चौके लगा चुके हैं। सुंदर का साथ आकाशदीप बिना खाता खोले निभा रहे हैं। भारत की कुल बढ़त 284 रनों की हो चुकी है और टीम के अभी 2 विकेट शेष हैं। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में जैक गिब्सन और क्रिस्टियन क्लार्क ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने एक विकेट झटका।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it