Top
Begin typing your search above and press return to search.

IPL 2027: हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस छोड़ने की चर्चा तेज, इन दो टीमों की नजर स्टार ऑलराउंडर पर

हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी काफी चर्चा में रही थी। उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन उनकी दूसरी पारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस केवल एक बार प्लेऑफ तक पहुंच सकी। टीम के प्रदर्शन और कप्तानी को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

IPL 2027: हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस छोड़ने की चर्चा तेज, इन दो टीमों की नजर स्टार ऑलराउंडर पर
X

नई दिल्ली : भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर आईपीएल के गलियारों में एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से उनके संभावित अलगाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम दो फ्रेंचाइजियों ने हार्दिक को अपने साथ जोड़ने में रुचि दिखाई है। इनमें कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) शामिल हैं। आईपीएल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, हार्दिक के भविष्य को लेकर दोनों फ्रेंचाइजियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और संभावित ट्रेड को लेकर बातचीत भी शुरू हो चुकी है।

केकेआर और मुंबई इंडियंस के बीच कई दौर की बातचीत

सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता नाइट राइडर्स के शीर्ष प्रबंधन और मुंबई इंडियंस के अधिकारियों के बीच हार्दिक पांड्या को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है। पिछले सीजन के बाद भी केकेआर ने इस दिशा में पहल की थी, लेकिन उस समय मुंबई इंडियंस के मालिक रिलायंस समूह की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) की तैयारियों में व्यस्त थे, जिसके चलते यह मामला आगे नहीं बढ़ पाया। अब एक बार फिर केकेआर ने मुंबई इंडियंस से संपर्क किया है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर जारी है। माना जा रहा है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो आगामी सीजन से पहले बड़ा ट्रेड देखने को मिल सकता है।

मुंबई इंडियंस में दूसरी पारी रही उतार-चढ़ाव भरी

हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी काफी चर्चा में रही थी। उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन उनकी दूसरी पारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस केवल एक बार प्लेऑफ तक पहुंच सकी। टीम के प्रदर्शन और कप्तानी को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मुंबई इंडियंस आगामी सीजन से पहले टीम में बड़े बदलाव कर सकती है और हार्दिक के भविष्य पर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है।

केकेआर में कप्तानी का मिल सकता है मौका

यदि हार्दिक पांड्या कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ते हैं तो उनके लिए कप्तानी का रास्ता भी खुल सकता है। टीम के मौजूदा कप्तान अजिंक्य रहाणे को लेकर माना जा रहा है कि उनका कार्यकाल अस्थायी था और इस सीजन के बाद उन्हें रिलीज किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि केकेआर प्रबंधन भविष्य के लिए एक स्थायी कप्तान की तलाश में है और हार्दिक इस भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प माने जा रहे हैं। वहीं, रिंकू सिंह को फिलहाल कप्तानी के लिए तैयार विकल्प के रूप में नहीं देखा जा रहा है।

नकद सौदा या खिलाड़ी विनिमय, दोनों विकल्प खुले

हार्दिक पांड्या को लेकर संभावित डील कई रूपों में हो सकती है। फ्रेंचाइजियों के बीच पूरी तरह नकद सौदा होने की संभावना भी जताई जा रही है, जबकि खिलाड़ी विनिमय (ट्रेड) का विकल्प भी खुला हुआ है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन लगातार हो रही चर्चाओं ने यह संकेत जरूर दिए हैं कि आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

राजस्थान रॉयल्स भी दौड़ में शामिल

कोलकाता नाइट राइडर्स के अलावा राजस्थान रॉयल्स भी हार्दिक पांड्या की स्थिति पर नजर रखे हुए है। राजस्थान टीम प्रबंधन अपने मध्यक्रम और नेतृत्व समूह को मजबूत करने के लिए अनुभवी खिलाड़ियों की तलाश में है और हार्दिक उनके लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प साबित हो सकते हैं।

सबसे चर्चित ट्रांसफर में शामिल हो सकता है यह सौदा

अगर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस से अलग होकर किसी दूसरी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनते हैं तो यह आईपीएल इतिहास के सबसे चर्चित ट्रेड में से एक माना जाएगा। आने वाले दिनों में सभी की नजरें इस बात पर टिकी रहेंगी कि मुंबई इंडियंस अपने कप्तान को बरकरार रखती है या फिर आईपीएल 2027 से पहले एक और बड़ा ट्रांसफर क्रिकेट जगत को देखने को मिलता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it